
ग्वालियर। शहर में शादी का झांसा देकर महिलाओं के शोषण और धोखाधड़ी के दो मामले सामने आए हैं। एक मामले में युवती ने दूर के रिश्तेदार पर शादी का वादा कर करीब तीन साल तक शारीरिक शोषण करने और बाद में निजी फोटो-वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने का आरोप लगाया है। वहीं दूसरे मामले में एक शादीशुदा महिला ने इंस्टाग्राम पर दोस्ती के बाद युवक पर शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण करने और उसके गहने व जरूरी दस्तावेज लेकर फरार होने का आरोप लगाया है। दोनों मामलों में पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
महिला थाना पुलिस के अनुसार, युवती ने शिकायत में बताया कि करण जाटव से उसकी दूर की रिश्तेदारी है। इसी वजह से दोनों की अक्सर मुलाकात होती थी। करीब तीन साल पहले करण ने उससे शादी करने की इच्छा जताई। युवती के मुताबिक, इसके बाद आरोपी ने शादी का वादा कर उसका शारीरिक शोषण शुरू कर दिया।
युवती ने आरोप लगाया कि करीब दो साल पहले करण उसे डबरा के एक होटल में लेकर गया, जहां उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद भी वह शादी का भरोसा देता रहा। जब युवती ने अब शादी करने के लिए दबाव बनाया तो करण ने इनकार कर दिया।
युवती के मुताबिक, उसने शादी से इनकार का विरोध किया तो आरोपी नाराज हो गया और उसके निजी फोटो-वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिए। युवती ने पुलिस को बताया कि आरोपी ने शिकायत करने पर उसे और उसके भाइयों को जान से मारने की धमकी भी दी। शिकायत के आधार पर महिला थाना पुलिस ने करण जाटव के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दूसरे मामले में सिरोल निवासी 20 वर्षीय शादीशुदा महिला ने डबका गांव निवासी राहुल बघेल के खिलाफ शिकायत की है। महिला के अनुसार, फरवरी में इंस्टाग्राम के जरिए उसकी राहुल से दोस्ती हुई थी। दोनों के बीच बातचीत बढ़ी तो राहुल ने उससे शादी करने का प्रस्ताव रखा।
महिला का आरोप है कि राहुल उसे जलगांव (महाराष्ट्र) घुमाने के बहाने अपने साथ ले गया। वहां दोनों करीब 15 दिन रहे और इस दौरान राहुल ने उसका शारीरिक शोषण किया। महिला के अनुसार, राहुल से दोस्ती और साथ रहने के कारण उसके ससुराल और मायके वालों ने भी उससे संबंध तोड़ लिए। इसके बाद वह मुरार में किराए के कमरे में राहुल के साथ रहने लगी।
महिला ने पुलिस को बताया कि करीब आठ दिन पहले राहुल उसके गहने और जरूरी दस्तावेज लेकर फरार हो गया। इसके बाद उसने पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने महिला के आरोपों के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस युवक की तलाश के साथ घटनाक्रम से जुड़े तथ्यों की भी जांच कर रही है।
दोनों मामलों में महिलाओं ने पुलिस को शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि शिकायतों में लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।