ग्वालियर

‘थोड़ी देर में रेलवे स्टेशन उड़ा देंगे…’ धमकी से मचा हड़कंप, एंडोरी से पकड़ाया संदिग्ध

Bomb Threat: भिंड पुलिस कंट्रोल रूम में किया फोन, चारों प्लेटफार्म पर बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वॉड ने चलाया सर्च ऑपरेशन। शुरुआती जांच में मानसिक रूप से कमजोर बताया जा रहा आरोपी।
2 min read
• •
Updated: 7 Nov 2026, 6:39 AM IST
Bomb Threat
स्टेशन की सर्चिंग करती पुलिस (फोटो सोर्स: Patrika)

Gwalior News : धनतेरस के मौके पर यात्रियों की भारी भीड़ से खचाखच भरे मध्य प्रदेश के ग्वालियर रेलवे स्टेशन को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से शुक्रवार रात को पुलिस और रेलवे प्रशासन के बीच हड़कंप मच गया। एक शख्स ने भिंड पुलिस के कंट्रोल रूम में फोन करते हुए दावा किया कि, कुछ ही देर में ग्वालियर रेलवे स्टेशन को बम से उड़ा दिया जाएगा। सूचना मिलते ही पुलिस महकमा अलर्ट मोड पर आ गया और तत्काल ग्वालियर पुलिस समेत जीआरपी को इस धमकी भरे संदेश की सूचना दी गई।

पुलिस के सामने सबसे बड़ी चिंता इस बात की थी कि, धमकी भरा कॉल बीती देर शाम उस समय आया, जब धनतेरस के चलते रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की काफी भीड़ थी। लोग दीपावली के चलते बड़ी संख्या में अपनी अपने घरों को लौटने के लिए स्टेशन पर थे। ऐसे में धमकी को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधिकारियों ने तत्काल सुरक्षा इंतजाम शुरू कर दिए। पुलिस बल के साथ बम निरोधक दस्ता और ट्रैकर डॉग की टीम रेलवे स्टेशन पहुंची। इसके बाद स्टेशन के सभी चारों प्लेटफार्म पर सघन तलाशी अभियान चलाया गया।

देर रात तक जारी रहा सर्च ऑपरेशन

पुलिस टीम ने प्लेटफार्म के कोने-कोने के साथ यात्रियों के आवागमन वाले स्थानों और संदिग्ध जगहों की बारीकी से जांच की। देर रात तक चले सर्च ऑपरेशन के दौरान कोई भी संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री नहीं मिली। इसके बाद पुलिस और रेलवे प्रशासन ने राहत की सांस ली। हालांकि, एहतियात के तौर पर सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखी गई।

एंडोरी से पकड़ा गया धमकी देने वाला

वहीं, पुलिस की एक अलग टीम धमकी भरे पोन चॉल को ट्रेस कर संदिग्ध की तलाश में जुट गई। पुलिस ने एक आरोपी को देर रात ही मध्य प्रदेश के भिंड से दबोच भी लिया है। पुलिस ने धमकी देने वाले व्यक्ति की पहचान सूरज पाल के रूप में की है। जिस मोबाइल नंबर से भिंड पुलिस कंट्रोल रूम में फोन किया गया था, उसे ट्रेस कर पुलिस ने आरोपी को जिले के एंडोरी इलाके से पकड़ा गया है। इसके बाद उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की गई।

पूछताछ में जुटी पुलिस

प्रारंभिक जांच में सूरज पाल के मानसिक रूप से कमजोर होने की बात सामने आई है। हालांकि, उसने रेलवे स्टेशन को बम से उड़ाने की धमकी क्यों दी और इसके पीछे उसकी क्या मंशा थी, पुलिस इसकी पड़ताल में जुटी है। देर रात तक पुलिस की आरोपी से पूछताछ जारी रही। फिलहाल, धमकी देने वाले शख्स के पकड़े जाने के बाद पुलिस ने राहत की सांस ली है।

Updated on:
7 Nov 2026, 6:39 AM IST
Published on: