
Gwalior News:मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले में स्थित शीतला माता मंदिर दर्शन करने आए 45 से अधिक श्रद्धालुओं को अनियंत्रित ट्रक द्वारा रौंदे जाने के मामले में ग्वालियर पुलिस द्वारा बड़ी कार्रवाई की है। बताया जा रहा है कि, आरोपी ट्रक चालक और ट्रक मालिक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। हादसे के बाद मौके से फरार हुए ट्रक ड्राइवर और मालिक को राजस्थान के धोलपुर से गिरफ्तार किया गया है।
शीतला माता मंदिर के पास हुए हादसे के मामले में ट्रक के मालिक और ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया गया है। अधिकारियों के अनुसार, दोनों ट्रकों के ड्राइवर इस रास्ते से अनजान थे, जिसके चलते वो गूगल मैप की मदद से एक-दूसरे के पीछे चल रहे थे।
मामले की जानकारी देते हुए ग्वालियर सीएसपी रवि भदौरिया ने बताया कि, 'इस हादसे के सिलसिले में, इसमें शामिल ट्रक के मालिक और ड्राइवर को हिरासत में ले लिया गया है। ड्राइवर दिलबाग सिंह दिल्ली की पंजाबी कॉलोनी का रहने वाला है, जबकि ट्रक का मालिक हरप्रीत सिंह पंजाब के लुधियाना का रहने वाला है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, इन ट्रकों में डबरा की एक मंडी से धान लदा हुआ था। दोनों ट्रक राज्य के बाहर के थे और एक साथ सफर कर रहे थे।'
पुलिस द्वारा पकड़े गए आरोपी ट्रक चालक और ट्रक मालिक से पूछताछ की जा रही है। हालांकि, शुरुआती तौर पर पता चला है कि, ट्रक चालक एमपी से बाहर का निवासी है, जिसके चलते उसे रास्ते का अनुमान नहीं था और वो गूगल मेप की सहायता से उस क्षेत्र से गुजर रहा था। हालांकि, हादसे का कारण क्या था फिलहाल इसकी जांच की जा रही है। शुरुआत में ब्रैक फेल होने से हादसा होने की जानकारी सामने आई थी। लेकिन, ये हादसा महज ब्रैक फेल होने के कारण हुआ है या लापरवाहीपूर्वक इसकी जांच की जा रही है।
आपको बता दें कि, इस दर्दनाक हादसे में लगभग 45 श्रद्धालु ट्रक की चपेट में आकर घायल हुए हैं। इनमें से अब तक एक पुलिसकर्मी समेत 15 श्रद्धालुओं की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि खबर लिखे जाने तक 8 लोगों की बेहद नाजुक बनी हुई है। जिला अस्पताल समेत शहर के अन्य अस्पतालों में घायलों का उपचार जारी है।