ग्वालियर

महापौर-एमआईसी के खिलाफ भाजपा का निंदा प्रस्ताव, विकास राशि के हिसाब पर उठाए सवाल

नगर निगम के कामकाज और शहर की बदहाल व्यवस्थाओं को लेकर भाजपा ने अब महापौर और एमआईसी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। सोमवार को श्याम वाटिका में हुई भाजपा जिला कार्यसमिति की बैठक में महापौर और एमआईसी के खिलाफ निंदा प्रस्ताव पारित किया गया।
2 min read
District President Jaiprakash Rajoria
श्याम वाटिका में हुई भाजपा जिला कार्यसमिति की बैठक में महापौर और एमआईसी के खिलाफ निंदा प्रस्ताव पारित किया गया।

ग्वालियर. नगर निगम के कामकाज और शहर की बदहाल व्यवस्थाओं को लेकर भाजपा ने अब महापौर और एमआईसी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। सोमवार को श्याम वाटिका में हुई भाजपा जिला कार्यसमिति की बैठक में महापौर और एमआईसी के खिलाफ निंदा प्रस्ताव पारित किया गया। पूर्व सांसद विवेक शेजवलकर ने नगर निगम को विकास कार्यों के लिए मिली राशि के कथित दुरुपयोग का मुद्दा उठाते हुए केंद्र और राज्य सरकार से ग्वालियर के लिए आवंटित राशि तथा निगम द्वारा खर्च की गई राशि का पूरा हिसाब सार्वजनिक करने की मांग की।बैठक में सांसद ने भी शेजवलकर की बात का समर्थन किया। उन्होंने महापौर और एमआईसी के खिलाफ निंदा प्रस्ताव लाने की मांग कार्यसमिति के समक्ष रखी। जिलाध्यक्ष जयप्रकाश राजोरिया ने प्रस्ताव को स्वीकार किया। इसके बाद पूर्व जिलाध्यक्ष कमल माखीजानी ने निंदा प्रस्ताव रखा, जिसे कार्यसमिति के सदस्यों ने दोनों हाथ उठाकर पारित कर दिया। भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि नगर निगम शहर की मूलभूत समस्याओं के समाधान में अपेक्षित गंभीरता नहीं दिखा रहा है।

सड़कों, सीवर और जलभराव को लेकर घेरा

कार्यसमिति में शहर की सड़कों, सीवर व्यवस्था, जलभराव और पेयजल जैसी समस्याओं पर भी चर्चा हुई। नेताओं ने कहा कि करोड़ों रुपये की योजनाएं और विकास कार्य होने के बावजूद शहर के कई हिस्सों में नागरिक मूलभूत सुविधाओं के लिए परेशान हैं। भाजपा ने नगर निगम के कामकाज की समीक्षा और विकास कार्यों में खर्च की गई राशि का विस्तृत ब्यौरा सामने रखने की मांग की। पूर्व सांसद विवेक शेजवलकर ने कहा कि ग्वालियर के विकास के लिए केंद्र और राज्य सरकार से विभिन्न योजनाओं के माध्यम से राशि उपलब्ध कराई जाती है। ऐसे में यह स्पष्ट होना चाहिए कि निगम को कितनी राशि मिली, उसमें से कितनी राशि किन कार्यों पर खर्च हुई और उन कार्यों का वास्तविक लाभ शहरवासियों को कितना मिला। उन्होंने विकास राशि के उपयोग में पारदर्शिता की आवश्यकता पर जोर दिया।

सरकार की उपलब्धियां गिनाईं, जीत पर बधाई

जिला कार्यसमिति की बैठक की शुरुआत जिलाध्यक्ष जयप्रकाश राजोरिया के स्वागत और अध्यक्षीय उद्बोधन से हुई। जिला महामंत्री बिट्टू धर्मेंद्र तोमर ने राजनीतिक प्रस्ताव का वाचन किया। प्रस्ताव में केंद्र और प्रदेश सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राष्ट्र के प्रति समर्पण की प्रशंसा की गई। बैठक में पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी में भाजपा की जीत पर बधाई प्रस्ताव भी पारित किया गया। इसके साथ ही केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों के समर्थन में धन्यवाद प्रस्ताव पारित किया गया। पूर्व जिलाध्यक्ष वेदप्रकाश शर्मा ने कार्यकर्ताओं को संगठन को मजबूत करने और आगामी गतिविधियों को लेकर सुझाव दिए।

दिवंगत कार्यकर्ताओं को दी श्रद्धांजलि

बैठक में दिवंगत भाजपा कार्यकर्ताओं को श्रद्धांजलि अर्पित की गई और दो मिनट का मौन रखा गया। पार्टी पदाधिकारियों ने संगठनात्मक गतिविधियों और आगामी कार्यक्रमों को लेकर भी चर्चा की। बैठक का संचालन राजू पलैया ने किया, जबकि महिला मोर्चा अध्यक्ष करुणा सक्सेना ने आभार व्यक्त किया। राष्ट्रगान के साथ बैठक का समापन हुआ। बैठक में वेदप्रकाश शर्मा, अशोक शर्मा, जय सिंह कुशवाह, खुशबू गुप्ता सहित जिला कार्यसमिति के अन्य सदस्य मौजूद रहे। महापौर और एमआईसी के खिलाफ पारित निंदा प्रस्ताव के बाद अब निगम के कामकाज को लेकर भाजपा और कांग्रेस के बीच राजनीतिक बयानबाजी और तेज होने के आसार हैं।

Updated on:
08 Sept 2026 11:02 pm
Published on:
08 Sept 2026 11:02 pm