
चार्टड एकाउंटेंट अशोक विजयवर्गीय से 21.05 करोड़ रुपए की साइबर ठगी में शामिल शाजापुर का जिला पंचायत सदस्य जगदीश कुमार मालवीय इस धंधे का पुराना खिलाड़ी निकाला है। विजयवर्गीय के अलावा जगदीश साइबर ठगी की 11 और वारदातों में शामिल है। महाराष्ट्र पुलिस भी उसकी तलाश में है। भाजपा नेता और साइबर ठगों का स्पीलर सेल जगदीश अब अपनी करतूतों का पुलंदा खोल रहा है। उसने खुलासा किया कि शाजापुर की सर्वकन्या अनूसूचितजाति, जनजाति संगठन से जुडा है। यह संगठन करीब 12 साल पुराना है। फौज से रिटायर होने के बाद भाजपा का झंडा थामकर जिला पंचायत सदस्य बना। पिछले साल सर्वकन्या अनुसूचित जाति,जनजाति संगठन का अध्यक्ष बन गया तो संगठन के फैसले लेने लगा। इस संगठन का निजी बैंक में करंट खाता है। मुखिया की कुर्सी पर बैठकर संगठन के बैंक खाते का नेट बैंकिंग उसके हाथ में आ गया। साइबर ठगी में इन दिनों करंट एकाउंट की खपत ज्यादा है तो साइबर ठगों को म्यूल खाता मुहैया कराने वालों ने उससे सौदा किया।
डील में तय हुआ दो प्रतिशत कमीशन मिलेगा
साइबर ठगों का स्पीलर सेल जगदीश ने खुलासा किया दो प्रतिशत कमीशन पर सर्वकन्या संगठन का करंट खाते का एक्सिस उसने साइबर ठगों को बेचा है। डील में तय हुआ था कि खाता ठग इस्तेमाल करेंगे जब भी एकाउंट में ठगी का पैसा आएगा तो रकम के हिसाब से उसे दो प्रतिशत कमीशन मिलेगा। अभी तक साइबर ठगी की 11 वारदातों का पैसा संस्था के खाते में ट्रांसफर हुआ है हर बार उसे कमीशन मिला और पुलिस ने कभी खाते पर नजर नहीं डाली तो वह बेफ्रिक था।
थाईलैंड, पटाया और बैकॉक में मस्ती या ठगों से मीटिंग
ठग जगदीश कुछ समय पहले थाईलैंड, पटाया और बैंकॉक घूमकर लौटा है। जगदीश सैर सपाटे के लिए यहां जाना बता रहा है। लेकिन पुलिस की नजर में यह तीनों ठिकाने साइबर ठगों के कुख्यात अड्डे हैं आशंका है कि मौज मस्ती की आड़ में जगदीश यहां साइबर ठगी के सरगनाओं से मुलाकात करने गया था।
यह है मामला
रोशनी घर,इंदरगंज निवासी चार्टड एकाउंटेंट अशोक विजयवर्गीय से साइबर ठगों ने ऑनलाइन ट्रेडिंग और क्रिप्टो करंसी में निवेश से पैसा कमाने का लालच देकर 21 करोड़ पांच लाख रुपया ठगा है। सारा पैसा ठगों ने पहली लेयर में 76 बैंक खातों में ट्रांसफर किया था। इन खातों की कडिय़ां जोडक़र राज्यसाइबर सेल की टीम ठगी में शामिल आरोपियों को तलाश रही है।
ठगी में शामिल आरोपियों की तलाश
साइबर ठगी में पकड़ा जिंप सदस्य पूछताछ में कई खुलासे कर रहा है। सागर में भी ठगी से कुछ लिंक जुड़े होना पता चले हैं। उनकी तलाश की जा रही है।
संजीव नयन शर्मा डीएसपी राज्य साइबर सेल ग्वालियर