
ग्वालियर। जून माह की शुरुआत झुलसा देने वाली गर्मी के साथ हुई और नौतपा के बाद पारा 45 डिग्री के अधिकतम तापमान तक पहुंच गया, लेकिन पिछले चार दिनों से मौसम ने जब करवट बदली तो महज चार दिन में ही पारा 6 डिग्री नीचे सरक गया। ग्वालियर अंचल में प्री-मानसून की बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली। ग्वालियर,मुरैना,भिण्ड, श्योपुर और दतिया में रविवार को तेज हवा के साथ बारिश हुई। बारिश से तापमान तो गिरा, लेकिन उमस भी बढ़ गई।
मुरैना और भिण्ड में सुबह तेज धूप निकली, लेकिन दोपहर में मौसम बदला और तेज हवा चलने लगी, इसके बाद रूक-रूककर करीब एक घंटे बारिश हुई। भिंड में दोपहर में करीब 20 मिनट तक तेज बारिश हुई। वहीं दतिया और डबरा में भी 20 मिनट बारिश हुई। गौरतलब है कि बीते पांच दिन पहले तक जहां दोपहर में लोगों का घर से निकलना मुश्किल हो रहा था, वहीं अब सुबह से लेकर दोपहर तक बाजार में चहल-पहल बनी हुई है।
रविवार सुबह से ही आसमान पर बादल छाए हुए थे और 12 बजे के आसपास रिमझिम फुहार होने लगी। इसके बाद फिर धूप निकल आई, तो फिर गर्मी का अहसास होने लगा। लेकिन कुछ देर बाद ही सूर्य देवता बादलों की ओट में छुप गए और मौसम फिर सुहावना हो गया। दोपहर 1 बजे फिर बूंदाबांदी हुई तो चलने वाली हवाओं में भी नमी आ गई। पिछले दिनों जहां भीषण गर्मी के बीच बस स्टैंडपर दिन-दोपहर में सन्नाटा पसरा रहता था, वहीं अब वहां लोगों की आवाजाही बढ़ गई है। बीते 11 जून को जहां अधिकतम तापमान 45 डिग्री था, वहीं 16 जून को तापमान 38 डिग्री पर आ गया। वहीं शाम को भिण्ड और शिवपुरी में बारिश हुई,जिससे मौसम सुहावना हो गया।
ऐसे घटा तापमान
जिला अधिकतम न्यूनतम