
ग्वालियर। पांच दिवसीय दीपोत्सव का पर्व आज से शुरू हो गया है। इस महापर्व में कई शुभ योग इस बार देखने को मिल रहे है। धनतेरस, मंगलवार को नरक चौदस,बुधवार को दीपावली तो गुरुवार को अन्नकूटव गोवर्धन पूजा और शुक्रवार को भैय्यादूज है। इन पांचों दिनों में यदि शुभ मुहूर्त में पूजा करेंगे तो मां लक्ष्मी जी कृपा आप पर जरूर बसरेगी और जमकर पैसा ही पैसा बरसेगा। धनतेरस से लेकर भैयादूज तक,पांचों दिन का विशेष महत्व है। ऐसी मान्यता है कि धनतेरस पर खरीदारी जरूर करनी चाहिए। भले ही एक छोटा सा चम्मच ही खरीदें। धनतेरस के बाद चारों दिन पूजा का महत्व रहता है।
खासकर प्रदोष काल में। सूर्यास्त के ठीक बाद का समय प्रदोष काल माना जाता है। ऐसी मान्यता है कि प्रदोष काल में पूजा व अनुष्ठान करना शुभ माना जाता है। पंडित सतीश सोनी ने बताया कि दिवाली से पहले धनतेरस का त्योहार मनाया जाता है। इस दिन माता लक्ष्मी और कुबेर के साथ भगवान धनवंतरी की पूजा भी की जाती है।
घर में हमेशा सुख-समृद्धि बनी रहे इसलिए इस दिन इनकी पूजा की जाती है। इस दिन माता लक्ष्मी को प्रसन्न करने के लिए आप पूजा में कुछ चीजें शामिल कर सकते हैं। साथ ही उन्होंने बताया कि लक्ष्मी जी की पूजा में भी यदि इन चीजों को शामिल किया जाता है तो मां लक्ष्मी जी की कृपा आप पर जरुर होगी।
पान
शास्त्रों में धनतेरस पर पूजा की सामग्री के लिए पान का इस्तेमाल करें। पान के पत्ते में देवी-देवताओं का वास माना जाता है। इसलिए धनतेरस और दिवाली की पूजा में इसका इस्तेमाल शुभ माना जाता है।
सुपारी
धनतेरस की पूजा में सुपारी का इस्तेमाल के बिना पूजा प्रारंभ ही नहीं होती है। सुपारी को ब्रह्मदेव, यमदेव, वरूण देव और इंद्रदेव का प्रतीक माना जाता है। धनतेरस के दिन पूजा में प्रयोग की गई सुपारी को तिजोरी में रखना लाभदायक होता है।
साबुत धनिया
धनतेरस के दिन आप साबुत धनिया खरीदकर लेकर आएं और इसे मां लक्ष्मी के सामने अर्पित करें। इससे आपकी सारी आर्थिक परेशानी दूर हो जाएगी।
बताशा और खील
बताशा माता लक्ष्मी का सबसे प्रिय भोग है। माता लक्ष्मी की पूजा में बताशे का प्रयोग करने से हर समस्या का समाधान होता है।इस दिन खील जरूर खरीदना चाहिए। इससे धन समृद्धि बनी रहती है।
दिया
पूजा से पहले मां के सामने दीप जलाना न भूलें। इससे यमदेव प्रसन्न होते हैं।
कपूर
मां लक्ष्मी, कुबेर और भगवान धनवंतरी की पूजा में कपूर जरूर जलाएं। कपूर जलाने से घर की नकारात्मक ऊर्जा बाहर जाती है और सकारात्मक ऊर्जा घर में आती है।