ग्वालियर

थाने पहुंचा पति और दी पत्नी की हत्या की सूचना, सच्चाई सामने आई तो सब रह गए हैरान

बिखरा हुआ था घर का सामान...महिला के गले पर थे खरोंच के निशान...तफ्तीश में खुला बड़ा राज...

2 min read
gwalior.jpg

ग्वालियर. ग्वालियर में एक व्यक्ति थाने पहुंचा और अपनी पत्नी की हत्या होने की सूचना दी। व्यक्ति ने बताया कि जब वो घर पहुंचा तो घर का सामान बिखरा हुआ था पत्नी की लाश पड़ी हुई थी। हत्या की वारदात की सूचना लगते ही पुलिस भी तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और देखा तो पति जो कह रहा था वो सच था। लेकिन जब मामले की पुलिस ने बारीकी से तफ्तीश की तो कुछ ही देर में कातिल तक कानून के लंबे हाथ पहुंच गया। कातिल कोई और नहीं बल्कि महिला का पति ही था जो पत्नी की हत्या की सूचना देने के लिए पुलिस थाने पहुंचा था।

शक ने उजाड़ा एक और परिवार
घटना ग्वालियर के किटोरा गांव की है जहां रहने वाले रायसिंह रावत की 35 वर्षीय पत्नी आरती रावत की लाश उसके ही घर में पड़ी हुई मिली थी। घटना की सूचना खुद पति रायसिंह ने थाने पहुंचकर दी थी और बताया था कि जब वो घर पहुंचा तो घर का पूरा सामान बिखरा हुआ था और पत्नी आरती मरी पड़ी थी। लेकिन जब पुलिस ने मामले की तफ्तीश की तो उसे पति रायसिंह पर शक हुआ। पुलिस ने रायसिंह को थाने बुलाकर पूछताछ की तो पहले तो वो पुलिस को गुमराह करता रहा लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर अपना जुर्म कबूल लिया। आरोपी ने बताया कि उसे शक था कि पत्नी के किसी से अवैध संबंध हैं इसलिए उसने उसकी गला दबाकर हत्या कर दी।

पुलिस को गुमराह करने रची झूठी कहानी
आरोपी रायसिंह ने पुलिस को बताया कि उसकी एक चार साल की बेटी भी है। रोजाना उसका पत्नी आरती से झगड़ा होता था इसलिए बेटी को कुछ महीनों पहले ही इंदौर में नानी के घर छोड़ आया था। घटना से पहले भी रात में उसका पत्नी से झगड़ा हुआ था और उसने गला दबाकर पत्नी को मार डाला। पत्नी को मारने के बाद उसने खुद के बचने और पुलिस को गुमराह करने के लिए झूठी कहानी रची। खुद ही घर का सामान बिखेरा और पुलिस को सूचना दी जिससे कि उस पर शक न हो लेकिन उसके झूठ का पर्दाफाश हो गया।

Published on:
05 Jul 2022 03:48 pm