
ग्वालियर। इस बार शहरवासी दीपावली पर २ घंटे ही पटाखे चला सकेंगे। इसके लिए पुलिस ने भी तैयारियां कर ली है। सभी थानों के थाना प्रभारी अपने-अपने इलाकों पर नजर रखेंगे। लोगों को समझाइश भी दी जाएगी। फिर भी नहीं माने तो पुलिस उन पर कार्रवाई भी कर सकती है। कोर्ट ने निर्देश दिए है कि रात 8 से 10 बजे तक ही आतिशबाजी करें इन निर्देश पर कलेक्टर अशोक कुमार वर्मा ने सभी अधिकारियों को जिम्मेदारी से इस आदेश का पालन कराने को कहा था।
उन्होंने यह भी कहा था अगर लापरवाही पाई गई तो थाना प्रभारियों के अलावा संबधित अधिकारी जवाब देह होंगे। इस पर सभी थाना प्रभारियों ने अपने-अपने इलाकों के लोगों को समझाइश देना शुरू कर दिया है। वॉटसअप या अन्य माध्यमों से भी लोगों तक यह जानकारी पहुंचाई गई है।
एेसे रोकेंगे आतिशबाजी
-थाना प्रभारियों के अलावा सिपाही से लेकर एसआइ भी अपनी-अपनी वीट पर नजर रखेंगे।
-कॉलोनी या मोहल्ले में जाकर लोगों को समझाया जा रहा है कि कोर्ट के आदेश का पालन हो।
-वॉट्सअप ग्रुप पर भी पुलिस ने इस संदेश को मैसेज कराया।
-वर्दी के अलावा सिविल ड्रेस में भी मोहल्ले या कॉलोनी में घूमकर पुलिस नजर रखेगी।
आकर्षक विद्युत सज्जा मन मोह रही
दीपोत्सव के लिए शहर के हर घर में लोगों ने साज-सज्जा की है। इसके लिए कई दिनों से तैयारियां की जा रही थी। घरों के बाहर लटकी विद्युत झालरें मन मोह रही हैं।
"पब्लिक को पुलिस समझा रही है कि रात 10 बजे के बाद आतिशबाजी न करें। कोर्ट के आदेश का पालन किया जाए। अगर इसके बाद भी नहीं मानें तो उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।"
सतेन्द्र तोमर, एएसपी