
ग्वालियर/शिवपुरी। रन्नौद थाना अंतर्गत ग्राम मोहम्मदपुर में मामूली विवाद के चलते एक युवक व उसकी पत्नी ने मिलकर अपनी मासूम भतीजी पर केरोसिन डालकर आग के हवाले कर दिया। घटना में किशोरी करीब 50 फीसदी से अधिक आग में झुलस गई,जिसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। रामबाबू लोधी अपनी पत्नी अनीता व भतीजी रानी (14) के साथ गुरुवार की शाम करीब 6 बजे घास काटने पास स्थित नर्सरी में गया था।
यहां पर किसी बात को लेकर अनीता व उसकी भतीजी रानी के बीच विवाद हो गया। उस समय तो मामला टल गया लेकिन जब तीनों घर लौटे तो योजनाबद्ध तरीके से रामबाबू व उसकी पत्नी ने मिलकर अपनी मासूम भतीजी रानी को जान से मारने की नीयत से उस पर केरोसिन डालकर आग के हवाले कर दिया।
आस पड़ोसियों ने जैसे तैसे आग में झुलसी रानी को जिला अस्पताल पहुंचाया,वहीं मामले की सूचना जब थाना प्रभारी रामेंद्र सिंंह चौहान को मिली तो वह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की पड़ताल की लेकिन इस मामले में पुलिस ने चाचा-चाची के खिलाफ धारा 336 आईपीसी के तहत मामला दर्ज किया है
यह खबर भी पढ़ें: Advocates के ऑफिशियल Whats App Group में PORN फिल्म पोस्ट
जबकि घटना किशोरी की जान लेने से जुड़ी हुई थी लेकिन पुलिस ने मामले में सांठगांठ कर छोटी मोटी धाराओं में मामले को चलता कर दिया।
इस मामले में जब थाना प्रभारी से बातचीत की गई तो उनका कहना था कि यह कानून की बारीकियां हैं। इस मामले में इसी धारा के तहत कार्रवाई होनी थी।