
ग्वालियर। छोटी बहन के साथ घर से बैंक पैसा जमा कराने निकली युवती को कार सवार दो युवकों ने सूर्य मंदिर तिराहे से अगवा कर लिया। उसे किडनेपर्स के शिकंजे से बचाने के लिए छोटी बहन ने विरोध किया, लेकिन नाकाम रही। अपहरणकर्ताओं ने उसे धक्का देकर बडी बहन को खींचकर कार में बैठा लिया और भाग गए। कार में अपहरणकर्ता युवकों के अलावा दो युवतियां भी बैठना बताई हैं। जिस जगह पर घटना हुई है वहां दुकानदार इस बारे में कुछ नहीं बता सके हैं।
पुलिस ने बताया आदित्यपुरम निवासी युवती (18) छोटी बहन के साथ सोमवार दोपहर करीब तीन बजे पिंटो पार्क सेंट्रल बैंक में 27 हजार रुपया जमा कराने आई थी। दोनों बहन पैसा डिपोजिट कर हजीरा चली गईं। वहां से पिता के लिए अंगूठी खरीदी, फिर मुरार में कुछ काम था तो वहां आईं। यहां से दोनों बहने स्कूटी से घर लौट रही थीं, तब रास्ते में स्कार्पियो कार से दो युवकों ने उनका पीछा किया। बहनें भांप गई कि कार सवार के इरादे ठीक नहीं है तो उन्होंने गाडी की स्पीड तेज कर दी, सूर्य मंदिर तिराहे पर आकर उनकी गाड़ी स्लिप हो गई तो कार से दो युवक उतरे। बड़ी बहन को जबरिया घसीट कर कार में ले जाने की कोशिश की। उसे बचाने के लिए छोटी बहन ने दोनों का विरोध किया तो बदमाशों ने उसे धक्का दे दिया और बड़ी बहन को उठाकर कार में पटक कर ले गए।
सरेआम युवती के अपहरण से सनसनी हो गई। उनके परिजन भी गोला का मंदिर थाने पहुंच गए। पुलिस से कहा है कि उनकी बेटी को अगवा किया गया है। उसे ढूंढो। पिता का कहना था कि बेटी 12 की पढ़ाई कर चुकी है। वह घर से बाहर तक नहीं निकलती थी। उसके साथ साजिश हुई है। उधर पुलिस का कहना है कि जिस जगह घटना हुई है वहां कुछ दूरी पर दुकानें हैं, लेकिन दुकानदार इस तरह की घटना नहीं बता पाए हैं। पुलिस ने अपहरण का केस दर्ज कर अपहरकणर्ताओं की तलाश शुरु की है। अगवा युवती की बहन कार का नंबर भी नहीं बता सकी है।