ग्वालियर

भिण्ड-ग्वालियर के बीच सुबह-शाम सुविधाजनक ट्रेनों का अभाव, एक-एक घंटे आउटर पर खड़ी रहती है मेमू

भिण्ड से ग्वालियर के बीच प्रतिदिन सफर करने वाले सैकड़ों यात्रियों ने समय-सारणी में बदलाव की मांग की है।
2 min read
• •
Updated: 28 Nov 2026, 12:43 PM IST
MP News

वर्तमान में संचालित यात्री ट्रेनों का समय कर्मचारियों, विद्यार्थियों, व्यापारियों और मरीजों की जरूरतों के अनुरूप नहीं होने से उन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस संबंध में दैनिक यात्रियों ने स्टेशन प्रबंधक के माध्यम से उत्तर मध्य रेलवे के मंडल रेल प्रबंधक को ज्ञापन सौंपकर सुबह और शाम सुविधाजनक समय पर यात्री ट्रेन चलाने की मांग की है। ग्वालियर से शाम 5.30 बजे चलने वाली मेमू ट्रैन में एक हजार से अधिक यात्री सफर करते हैं, लेकिन ये ट्रेन सोनी के पास आउटर पर घंटों खड़ी रहती है, इसी समय भिण्ड की तरफ से कोटा एक्सप्रेस और फिर मेमू गुजरती है। सिंगल ट्रैक होने के कारण इन गाड़ियों को सोनी से ही डायवर्ट किया जा रहा है। जबकि भिण्ड तक 20 मिनट और इटावा तक 40 मिनट का रास्ता रह जाता है। कई बार दूर दराज के यात्रियों की ट्रैन और बस भी छूट जाती हैं। यात्रियों का कहना है कि यदि मेमू को 5.30 को बजाय 5 बजे चलाया जाए तो यह समस्या हल हो जाएगी।

ज्ञापन में बताया गया है कि भिण्ड और ग्वालियर के बीच करीब 82 किलोमीटर का रेलखंड है। इस मार्ग पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में कर्मचारी, विद्यार्थी, व्यापारी, महिलाएं, दैनिक श्रमिक और ग्रामीण क्षेत्रों के लोग आवागमन करते हैं। इनमें कई लोग रोजगार, शिक्षा, चिकित्सा और व्यापार के सिलसिले में नियमित रूप से ग्वालियर जाते हैं। लेकिन वर्तमान समय-सारणी के कारण सुबह भिण्ड से ग्वालियर पहुंचने और शाम को वापस लौटने में कठिनाई होती है। यात्रियों का कहना है कि सुबह ऐसी ट्रेन उपलब्ध होनी चाहिए, जिससे कर्मचारी समय पर कार्यालय और विद्यार्थी स्कूल-कॉलेज पहुंच सकें। वहीं मरीजों को ग्वालियर के अस्पतालों और चिकित्सा संस्थानों तक पहुंचने में भी सुविधा मिले। वर्तमान में ट्रेन संख्या 64634 और 64633 का समय दैनिक यात्रियों की जरूरतों के अनुरूप नहीं बताया गया है।

सुबह 7.30 बजे ट्रेन चलाने की मांग:

ज्ञापन में मांग की गई है कि भिण्ड से सुबह 7:30 से 8 बजे के बीच यात्री ट्रेन संचालित की जाए, जिससे यात्री सुबह करीब 10 बजे तक ग्वालियर पहुंच सकें। इसी तरह ग्वालियर से शाम 7 से 7:30 बजे के बीच ट्रेन चलाई जाए, ताकि लोग अपना काम पूरा करने के बाद सुरक्षित घर लौट सकें।

ट्रेन के अभाव में बस से यात्रा की मजबूरी:

यात्रियों ने रेलवे से 82 किलोमीटर के रेलखंड की यात्रा अवधि की समीक्षा करने, दैनिक यात्रियों की संख्या का सर्वे कराने और आवश्यकता पड़ने पर सुबह तथा शाम अतिरिक्त यात्री ट्रेन संचालित करने की मांग की है। उनका कहना है कि सुविधाजनक रेल सेवा मिलने से ग्रामीण और निम्न आय वर्ग के लोगों को सड़क मार्ग पर होने वाले अतिरिक्त खर्च से भी राहत मिलेगी।

-भिण्ड स्टेशन से होकर 7 ट्रैन गुजरती हैं।

-सुबह 11 बजे के बाद शाम 6 बजे तक ग्वालियर के लिए कोई ट्रैन नहीं है।

-भिण्ड से केवल पांच ट्रैन 24 घंटे में नियमित चल रहीं।

-ग्वालियर से भिण्ड के लिए सुबह 9 बजे के बाद दोपहर ढाई बजे जाती है ट्रैन।

-ग्वालियर तक 2 घंटे के सफर में मेमू पौने तीन घंटे में करा रही सफर।

मैं ट्रैन से शाम 5.30 बजे रोजाना अपडाउन करता हूं। सोनी पर रोजाना ट्रैन खड़ी हो जाती है। इस ट्रेन में मरीज भी जाते हैं, जिनकी कई बार हालत बिगड़ जाती है। ट्रेन के समय में बदलाव कर और संख्या बढ़ाई जाए।

दिव्यमान भदौरिया, यात्री भिण्ड

भिण्ड से ट्रेन को पास कराने के चक्कर में मेमू को खड़ा करना पड़ रहा है। यात्रियों की मांग पर प्रस्ताव अधिकारियों के सामने रखेंगे।

मनोज कुमार, पीआरओ, उत्तर मध्य रेलवे झांसी

Updated on:
28 Nov 2026, 12:43 PM IST
Published on: