
ग्वालियर। आने वाले चुनाव में गड़बड़ी न हो इसलिए पुलिस ने एक्सरसाइज शुरू की है,बुधवार को बीएसएफ की बटालियन के साथ फ्लैग मार्च निकाल कर इरादे जाहिर किए कि चुनाव में शांति बिगाडऩे की कोशिश करने वालों को शंट किया जाएगा। ताकत दिखाने की शुरुआत उन इलाकों से की जहां २ अप्रैल को एससी,एसटी एक्ट को लेकर उत्पात भडक़ा था। करीब 10 वाहनों के काफिले के साथ 150 जवानों के फोर्स ने थाटीपुर से मार्च की पैदल शुरुआत की।
कुम्हरपुरा, साठ फुटा रोड होकर मार्च वापस थाटीपुर लौटा, फिर मुरार के बारादरी, सदर बाजार में घूम कर खुला संतर पहुंचा। यहां से फोर्स वाहनों में सवार हो गया। फिर सात नंबर चौराहे से पिटों पार्क होकर गोला का मंदिर के संवेदनशील इलाकों में घूमा। इस दौरान पुलिस के साथ बीएसएफ के जवान भी मौजूद थे।
देखे संवेदनशील केन्द्र
फ्लैग मार्च थाटीपुर, मुरार और गोला का मंदिर के उन मतदान केंद्रो पर भी पहुंचा जो संवेदनशील हैं। अभी तक हो चुके चुनावों में इन मतदान केन्द्रों पर क्या स्थिति रही है यहां रहने वालों से इसकी जानकारी ली। फ्लैग मार्च करीब 3 घंटे चला।
आएंगी और बटालियन
पुलिस के मुताबिक चुनावों में शांति रखने के लिए सुरक्षा को पुख्ता किया जाएगा, इसके लिए सीआरपीएफ, सीआईएसएफ सहित एसएएफ की कई बटालियन तैनात की जाएंगी। विधानसभा चुनाव के दौरान करीब 800 से 1000 जवानों का अतिरिक्त फोर्स बुलाया जाएगा।