
ग्वालियर। जिले के नगरीय निकायों को नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने शहरी क्षेत्रों में नगर नियोजन व पर्यावरण संतुलन के लिए इस मानसून के मौसम में कुल 33,000 पेड़ लगाने का लक्ष्य दिया है। सभी निकायों को इसके लिए 16.50 लाख रुपए की वित्तीय स्वीकृति भी दी गई है। जिले की सबसे बड़ी भिण्ड नगर पालिका को सर्वाधिक 10 हजार पौधे रोपने की जिम्मेदारी दी गई है। पौधरोपण पर उसे 5.00 लाख रुपए खर्च करने की स्वीकृति दी गई है। उल्लेखनीय है कि जिले के नगरीय निकायों को 2018 में भी 33 हजार पौधों के रोपण का लक्ष्य मिला था जिसमें से 10 प्रतिशत भी पूरा नहीं हो सका।
जानकारी के अनुसार नगरीय निकायों को पौधरोपण की तैयारियों की जानकारी 30 जून तक विभाग को देना है। इसके 15 दिन पश्चात् रोपे गए पौधों की जानकारी एवं 31 अगस्त 2019 तक अनिवार्य रूप से देने को कहा गया है। पौधरोपण के पूर्व नगरीय निकायों को यह सर्वेक्षण कराने को कहा गया है कि किस क्षेत्र में किस प्रजाति के कितने पौधे लगाए जा सकते हैं।
प्रमुख मार्गों, उद्यानों, विकास योजनाओं में आरक्षित ग्रीन बैल्ट क्षेत्रों, सरकारी आफिस व स्कूल कालेजों के परिसरों, आवासीय कालोनियों में, तालाबों झीलों के किनारे, बायपास पर सघन पौधरोपण करने का सुझाव दिया गया है। रोपे गए पौधों की अच्छी बढ़त व उत्तरजीविता के लिए उनकी समुचित सुरक्षा व रखरखाव करने, सिंचाई, निदाई गुड़ाई, कटाई छंटाई करने, खाद व कीटनाशक इत्यादि देने की व्यवस्था सुनिश्चित करने की भी हिदायत दी गई है।
नहीं रोपा एक भी पौधा
नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने 2018 में भी उक्त सभी नगरीय निकायों को 33,000 पौधे लगाने का ही लक्ष्य दिया गया था। नगरीय निकायों को रोपे गए सभी पौधों, उनके रखरखाव व रोपण के स्थान आदि का ब्यौरा संधारित करते हुए लक्ष्यपूर्ति की रिपोर्ट भी प्रत्येक पखवाड़े में विभाग को प्रस्तुत करने के निर्देश दिए थे, लेकिन अपवाद को छोड़ दें तो सभी निकायों द्वारा इन निर्देशों की अवहेलना की गई।
किसी भी निकाय द्वारा कहीं भी एक भी पेड़ नहीं लगाया गया। भिण्ड नगर पालिका को शहर में 2018 में 10 हजार पेड़ लगाने का लक्ष्य दिया गया था पर एक भी पेड़ नहीं लगा। अगर इतनी संख्या में पौधे रोपे जाते तो अब तक वे 10-10 फीट के हो गए होते और शहर में हरियाली बिखेर रहे होते।
शहर में यहां हो सकता है सघन पौधरोपण
शहर में नेशनल हाइवे के 5 किमी लंबे बायपास के किनारे, रतनूपुरा में बन रही पीएम आवास कालोनी में, निर्माणाधीन नवीन जिला जेल के परिसर में, गौरी सरोवर के चारों किनारों पर, पुराना रेलवे स्टेशन, नया रेलवे स्टेशन, नई गल्ला मंडी परिसर, लहार रोड पर सेमी अर्बन इंडस्ट्रीयल एरिया, पॉलीटेक्निक कालेज, एमजेएस पीजी कालेज परिसर, दबोहा से सुभाष तिराहा, परेड चोराहा, इंदिरा गांधी चौराहा होते हुए दीनपुरा तक, बंबा की पुलिया अटेर रोड से रेलवे स्टेशन तक, लहार चौराहा से बाराकलां गांव तक, भारोली तिराहा गल्ला मंडी से मंगतपुरा बीएमसी नपहर की पुलिया तक इंदिरा गांधी चोराहा से गोविंदनगर होते हुए अटेर रोड बंबा की पुलिया तक, सर्किट हाउस से इंदिरागांधी चौराहा तक बंबा की खाली जमीन पर, महावीरगंज की थीम रोड आदि पर पौधरोपण हो सकता है।
पौधे रोपे जाएंगे
नगर पालिका भिण्ड सीएमओ सुरेन्द्र शर्मा ने बताया कि नगर पालिका ने पौधरोपण की तैयारी पूर्ण कर ली है। शहर की प्रमुख सडक़ों के साथ उद्यानों आदि में पौधे रोपे जाएंगे। इंदिरा गांधी चौराहा से सर्किट हाउस तक बंबा की जमीन पर ग्रीनबैल्ट विकसित किया जाएगा। इस बार पौधरोपण का लक्ष्य शत प्रतिशत पूरा करेंगे।