ग्वालियर

Gwalior News: गेहूं की बंपर पैदावार के लिए 5 दिसंबर तक करें बुआई, जनवरी में बोनी से बचें

जिले में रबी सीजन की प्रमुख फसलों सरसों, चना और गेहूं को लेकर कृषि विभाग ने किसानों को सलाह दी है कि वर्तमान में चना और सरसों की बोनी का समय समाप्त हो चुका है, जबकि गेहूं की बुआई के लिए यह सबसे उपयुक्त दौर चल रहा है।
2 min read
• •
Updated: 28 Nov 2026, 11:34 AM IST
Madhya Pradesh News

बेहतर उत्पादन के लिए किसानों को 25 नवंबर से 5 दिसंबर के बीच गेहूं की बोनी पूरी कर लेनी चाहिए, क्योंकि इस दौरान दिन का औसत तापमान 22 से 24 डिग्री सेल्सियस के बीच रहता है, जो अंकुरण के लिए आदर्श है।

बुआई में इन बातों का रखें ध्यान

उन्नत किस्में: किसान गेहूं की बेहतर पैदावार के लिए डीबीडब्ल्यू-187 (कर्ण वंदना), डीबीडब्ल्यू-303 (कर्ण विश्व), पीबीडब्ल्यू-826 और आरवीडब्ल्यू-4106 जैसी उन्नत किस्मों के बीजों का चयन करें।

बीज की मात्रा: सामान्य समय पर बोनी के लिए 40 किलोग्राम प्रति एकड़ बीज का उपयोग करें। यदि धान-गेहूं फसल चक्र के कारण बोनी में देरी होती है, तो दिसंबर के अंतिम सप्ताह तक बुआई जरूर कर लें और बीज की मात्रा 25 प्रतिशत तक बढ़ा दें। जनवरी में गेहूं की बोनी बिल्कुल न करें।

आधुनिक तकनीक का उपयोग: धान कटाई के बाद समय बचाने के लिए किसान सुपर सीडर, हैप्पी सीडर और जीरो टिलेज मशीन से सीधे बुआई करें।

संतुलित उर्वरक और सिंचाई: गेहूं में नत्रजन (नाइट्रोजन) और स्फुर (फास्फोरस) के साथ पोटाश व जिंक का उपयोग भी अवश्य करें। गेहूं में 21-22 दिन की अवस्था पर तथा चना व सरसों में 30-35 दिन की अवस्था पर पहली सिंचाई जरूर करें।

आम गलतियां : जिनसे बचें किसान

कई किसान देरी से बोनी करने पर भी बीज की मात्रा नहीं बढ़ाते, जिससे कल्ले (फुटाव) कम निकलते हैं और बालियों की संख्या घटने से उत्पादन गिर जाता है।

जनवरी तक गेहूं की बुआई टालने से दाने छोटे रह जाते हैं और गर्मी बढऩे पर फसल समय से पहले पकने लगती है। केवल यूरिया और डीएपी पर निर्भर रहने तथा पोटाश व जिंक न डालने से फसल की रोग प्रतिरोधक क्षमता और दाने की गुणवत्ता कमजोर रह जाती है।

एक्सपर्ट सलाह

वर्तमान तापमान गेहूं की बुआई के लिए बेहद अनुकूल है। किसान 5 दिसंबर तक उन्नत किस्मों की बुआई पूरी करें। जिन किसानों की चना व सरसों की फसल 30-35 दिन की हो गई है, वे पहली सिंचाई में देरी न करें। समय पर सिंचाई और संतुलित पोषक तत्वों के प्रयोग से बंपर उत्पादन लिया जा सकता है।

डॉ. शैलेंद्र सिंह कुशवाह, वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रमुख, कृषि विज्ञान केंद्र ग्वालियर

Updated on:
28 Nov 2026, 11:34 AM IST
Published on: