
ग्वालियर. किडनी ट्रांसप्लांट की तैयारी कर रहे और ट्रांसप्लांट के बाद नियमित फॉलोअप करा रहे मरीजों के लिए गजराराजा मेडिकल कॉलेज (जीआरएमसी) से राहत भरी खबर है। कॉलेज में एचएलए (ह्यूमन ल्यूकोसाइट एंटीजन) एवं इम्यूनोलॉजी लैब शुरू कर दी गई है। इससे ट्रांसप्लांट से जुड़ी महत्वपूर्ण जांचों के लिए मरीजों को सैंपल दिल्ली या अन्य बड़े शहरों में भेजने की जरूरत नहीं होगी। जांच स्थानीय स्तर पर होने से समय और खर्च की बचत होगी।
पहले दिन मरीज लेखराज की जांच, रिपोर्ट निगेटिव
शनिवार को लैब शुरू होने के बाद ट्रांसप्लांट के बाद निगरानी के लिए मरीज लेखराज की इम्यूनोलॉजी जांच की गई। इसका उद्देश्य यह पता लगाना था कि ट्रांसप्लांट की गई किडनी के खिलाफ शरीर में एंटीबॉडी तो नहीं बन रही हैं। उनकी रिपोर्ट निगेटिव आई। पहले ऐसे सैंपल बाहर भेजने पड़ते थे, जबकि अब 4 से 6 घंटे में रिपोर्ट उपलब्ध हो सकेगी।
अंग की अनुकूलता और रिजेक्शन के खतरे का आकलन
लैब के नोडल अधिकारी डॉ. वैभव मिश्रा के अनुसार, यहां एचएलए क्लास-1, एचएलए क्लास-2 और एमआईसीए से संबंधित महत्वपूर्ण जांचें हो सकेंगी। इन जांचों से ट्रांसप्लांट से पहले अंग की अनुकूलता और ट्रांसप्लांट के बाद संभावित रिजेक्शन (अस्वीकृति) के जोखिम का आकलन करने में मदद मिलेगी।
ट्रांसप्लांट से पहले और बाद में होने वाली जांचों के सैंपल पहले बाहर भेजने पड़ते थे, जिससे मरीजों और परिजनों को परेशानी होती थी। जांच में देरी से ट्रांसप्लांट की प्रक्रिया भी प्रभावित हो सकती थी। अब कॉलेज में ही समय पर जांच और रिपोर्ट उपलब्ध होने से मरीजों को बेहतर उपचार मिल सकेगा।
डॉ. आरकेएस धाकड़, डीन, जीआरएमसी