
ग्वालियर। मीडिया को चूहा बताने की कोशिश में जिला प्रशासन देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खिलाफ सोशल मीडिया पर चले अभियान में इस्तेमाल हुई फोटो की ही नकल कर बैठा। शहर के सिटी सेंटर चौराहे पर सरकारी दीवार पर बनी बड़ी सी पेंटिंग में एक बिल्ली चूहे को मुंह में दबाए खड़ी है। बिल्ली के सामने कैमरों से लैस तीन चूहे खड़े हैं, जिनकी पीठ पर प्रेस लिखा हुआ है। पेटिंग के साथ संदेश चस्पा है कि यदि दिमाग ही अंधा हो तो आंखें किसी काम की नहीं। बहरहाल, यह पेटिंग लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है।
ग्वालियर प्रशासन ने सरकारी दीवार पर पेंट करवा रखी है मोदी विरोधी अभियान में सोशल मीडिया पर वायरल हुई तस्वीर मोदी विरोधी अभियान की यह तस्वीर २०१६ में सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुई थी। इस फोटो के जरिए मोदी पर मीडिया को नजरअंदाज करने, प्रेस को खत्म करने और अभिव्यक्ति को कुचलने जैसे आरोप सोशल मीडिया पर लगाए गए थे। शहर के प्रमुख चौराहे की सरकारी दीवार पर प्रशासन के नाम के साथ बनाई गई इस तस्वीर की शहर के लोग तरह-तरह से व्याख्या कर रहे हैं। कुछ इसे प्रशासन द्वारा खुद को ताकतवर और मीडिया को कमजोर बताने का प्रयास मानते हैं। कुछ का मानना है कि यह फोटो मीडिया के बारे में केन्द्र सरकार से लेकर प्रशासन तक का एक ही नजरिया है।
...तो हटवा देंगे पेंटिंग
यह पेंटिंग एक साल पहले बनी होगी। मैं इसे दिखवाता हूं। अगर इससे गलत संदेश जा रहा है तो हम इसे हटवा देंगे।
राहुल जैन, कलेक्टर
दीवारों को पेंट करने के निर्देश एसडीएम साहब ने दिए थे। नेट से फोटो निकाला, उस जैसी पेंटिंग की, इसका मतलब हमें नहीं पता। अगर गलत है तो मिटा देंगे।
राजकुमार, फोटो बनाने वाला पेंटर
सत्ता का मद दिखा
यह पोस्टर सीधे तौर पर सत्तापक्ष की क्रूरता दर्शाने वाला है, इसमें नेता और प्रशासन सत्ता के मद में चूर हैं। गरीबों के घर तोड़े या सरकारी जमीन पर अवैध कॉलोनी बसाएं, कोई उनके खिलाफ कुछ नहीं कर सकता, इसलिए इसमें मीडिया को चूहा, खुद को ताकतवर बताने का प्रयास है, जो निंदनीय है।
कृष्णराव दीक्षित, नेता प्रतिपक्ष, निगम