ग्वालियर

आपके घर में कैसा आता है दूध,इस ट्रिक से करें शुद्ध है या मिलावटी मिल्क की पहचान

सरकारी अमला इस गोरखधंधे को पूरी तरह रोक पाने में नाकाम साबित हुआ है,ऐसे में सिंथेटिक दूध के उपयोग को लेकर सावधान रहने की जरूरत जताई जाने लगी है
2 min read
• •
Updated: 15 Dec 2017, 3:44 PM IST
milk in mp
milk

ग्वालियर। अंचल में सिंथेटिक दूध का कारेाबार बड़े पैमाने पर चल रहा है। सरकारी अमला इस गोरखधंधे को पूरी तरह रोक पाने में नाकाम साबित हुआ है,ऐसे में सिंथेटिक दूध के उपयोग को लेकर सावधान रहने की जरूरत जताई जाने लगी है,क्योंकि इसके सेवन से लोगों को घातक बीमारियां हो सकती हैं। राहत की बात यह कि लोग घर में ही दूध की शुद्धता अथवा इसमें मिलावट की जांच कर सकते हैं। बायोलॉजी के प्रोफेसर डॉ. विनायक सिंह तोमर के मुताबिक कुछ सरल विधियों द्वारा हम आसानी से यह पता लगा सकते हैं कि जिस दूध का उपयोग हम कर रहे हैं,वह मिलावटी है या शुद्ध।

यह बहुत जरूरी भी है,क्योंकि सिंथेटिक दूध बनाने के लिए रिफाइंड व वनस्पति का इस्तेमाल किया जाता है। यह रुधिर वाहिनियों में जमकर रक्त संचार को मंद कर देता है। इस स्थिति में हार्टअटैक व ब्रेन हेमरेज की आशंका ९० फीसदी तक बढ़ जाती है।

इसी तरह सिंथेटिक दूध में डिटर्जेंट पावडर का उपयोग भी बहुत घातक है,क्योंकि इससे किडनी में संक्रमण होने लगता है। डॉ. तोमर के शोधपत्र में कहा गया है कि सिंथेटिक दूध में यूरिया की मिलावट से पेट में जलन, डायरिया और मोटापे की समस्या हो सकती है। इसलिए बाजार से लाए हुए दूध को हमेशा परीक्षण करने के बाद ही उपयोग किया जाना चाहिए।

यूं करें घर में दूध का परीक्षण
दूध की एक बूंद डार्क शीशे या टाइल्स पर डालें और झुकाएं। यदि दूध सफेद लकीर के रूप में बहता है तो शुद्ध है।अगर यह बूंद के रूप में नीचे आए तो उसमें पानी की मिलावट है। ५-१० मिली दूध में आधा चम्मच अरहर या सोयाबीन का पावडर मिलाएं। इसे लाल लिटमस पेपर पर डालें।

यदि वह नीला हो जाए तो समझो दूध में यूरिया मिला है। दूध और पानी की बराबर मात्रा लें और हिलाएं तो उसमें झाग उठेगा। यदि झाग में गंध है तो पता चलेगा कि दूध में डिटर्जेंट की मिलावट की गई है। ५० मिली दूध में १० बूंद हाइड्रोक्लोरिक अम्ल मिलाएं। इसके बाद आधा चम्मच शक्कर डालें। यदि दूध का रंग लाल हो जाए तो समझो उसमें वनस्पति की मिलावट है।


मोटापा बढ़ाता है मिलावटी दूध
बायोलॉजिकल फोरम में प्रकाशित डॉ. विनायक तोमर के शोध पत्र में कहा गया है कि मिलावटी दूध कतई पौष्टिक नहीं होता, हालांकि इससे मोटापा बढ़ता है। दरअसल सिंथेटिक दूध में प्रोटीन, विटामिन और कैल्सियम बिल्कुल नहीं होता, लेकिन कैलोरी बहुत होती है। यही वजह है कि लंबे समय तक सिंथेटिक दूध का सेवन करने से मोटापा बढ़ता है और लोगों को कार्डियक डिसीज (दिल की बीमारी) हो जाती है।

"आजकल दूध में अखाद्य पदार्थों की मिलावट की जाने लगी है। ऐसे में बाजार से लाए हुए दूध को बिना परीक्षण के उपयोग में नहीं लाना चाहिए। अन्यथा घातक बीमारियां हो सकती हैं।"
डॉ. विनायक तोमर, विभागाध्यक्ष, जूलॉजी, शासकीय पीजी कॉलेज मुरैना

Published on: