ग्वालियर

मानसून काउंटडाउन शुरु: 18 जून को एमपी में होगी एंट्री, 20 जिलों में अलर्ट जारी

Mp Monsoon 2026: मौसम विभाग ने 20 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है। 40 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।

2 min read
MP weather:
MP weather: (Photo Source - Patrika)

Mp Monsoon 2026: मौसम ने एक बार फिर यू-टर्न ले लिया है। पिछले दस दिनों से मिल रही मामूली राहत के बाद अब सूरज के तेवर तीखे हो गए है। शहर में दिन के साथ-साथ अब रातें भी गर्म होने लगी है। चौबीस घंटों में मौसम के मिजाज में बदलाव देखने को मिला है, दिन का अधिकतम तापमान एक बार फिर 41.6 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है, जबकि पिछले दस दिनों से यह 41 डिग्री से कम ही दर्ज किया जा रहा था।

वहीं दूसरी ओर मध्यप्रदेश के अन्य जिलों में प्री-मॉनसून ने जून का बारिश का कोटा पूरा कर दिया है। प्री मॉनसून में ही मध्य प्रदेश के कई इलाकों में भारी तबाही देखने मिली है। आंधी बारिश से कहीं पेड़ गिरे, कहीं टावर तो कहीं बिजली गिरने से लोगों और मवेशियों की मौत तक हुई. जबकि मध्य प्रदेश में अभी मॉनसून की एंट्री होना बाकी ही है। बताया जा रहा है कि 18 जून तक प्रदेश में मॉनसून दस्तक दे सकता है, पिछली बार 16 जून को मॉनसून आया था।

महीने की सबसे गर्म रात

दिन की चुभती धूप के बाद अब रात का तापमान भी आम जनता को बेचैन कर रहा है। रविवार रात इस महीने में पहली बार सबसे गर्म रिकॉर्ड की गई, जब न्यूनतम तापमान 28.6 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। चौकाने वाली बात बात यह है कि पर पहुंच महज एक ही रात में न्यूनतम तापमान में 2.6 डिग्री सेल्सियस का बड़ा उछाल आया है। इसके कारण रात के समय कूलर और पंखे भी बेअसर साबित हो रहे हैं और लोग उमस से बेहाल है।

सुबह से ही उमस और पसीने से बढ़ी परेशानी

रात की इसी गर्माहट का असर सुबह से ही देखने को मिला।सुबह जैसे ही सूरज निकला, हवा में मौजूद नमी और उमस ने लोगों के पसीने छुड़ा दिए। सुबह 8 बजे से ही तीखी धूप के कारण राहगीरों का सडकों पर निकलना दूभर हो गया। दोपहर होते-होते मुख्य बाजारों और सडकों पर सन्नाटा पसर गया, क्योंकि लोग घरों से बाहर निकलने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहे थे।

20 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट

जानकारी के लिए बता दें कि मौसम विभाग ने 20 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है। 40 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। विदिशा, अशोकनगर, सागर, पन्ना, सतना, रीवा, मैहर, मऊगंज, कटनी, जबलपुर, उमरिया, सिवनी, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी, अनूपपुर, शहडोल, सीधी, सिंगरौली और दमोह में आंधी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। प्रदेश में औसतन आधा इंच से ज्यादा बारिश दर्ज हुई है, जबकि जून का सामान्य औसत 8.3 मिमी होता है। भोपाल, आगर-मालवा और शाजापुर में करीब 2 इंच बारिश हो चुकी है, जबकि नीमच में ढाई इंच बारिश दर्ज की गई है।

Published on:
08 Jun 2026 05:44 pm