
ग्वालियर। कांग्रेस की पहली सूची में नए चेहरों के साथ अनुभवी नेताओं का तालमेल बैठाने की कोशिश की गई है। सर्वे के साथ दिग्गज नेताओं की सिफारिश को भी महत्व दिया गया। पार्टी ने पिछले चुनाव में पराजित नेताओं पर भरोसा जताया गया है, इनमें 21 उम्मीदवार 10 हजार से ज्यादा और 4 नेता 5 हजार से ज्यादा वोटों से हारे थे। चुनिंदा सीटों पर पैराशूट उम्मीदवार भी उतारे गए हैं। कांग्रेस ने ग्वालियर-चंबल की ३४ में से २० सीटों के प्रत्याशी घोषित कर दिए।
दो महिला प्रत्याशियों को जगह मिली है। पार्टी ने शिवपुरी की करेरा सीट की महिला विधायक शकुंतला खटीक का टिकट काटा है। उनकी जगह जसवंत जाटव को मौका दिया गया है।
इस क्षेत्र के छत्रप टिकटों के बंटवारे में भारी पड़े। अधिकतर सीटों पर वही प्रत्याशी उतारे गए हैं, जो २०१३ में चुनाव लड़ चुके थे। इस अंचल की २० में से १५ सीटें ज्योतिरादित्य सिंधिया के खाते में गईं हैं, बाकी ५ सीटों पर दिग्विजय सिंह की चली है।
सबसे दिलचस्प स्थिति गुना जिले की है, जहां से दिग्विजय सिंह के भाई पूर्व सांसद लक्ष्मण सिंह उतारे गए हैं। राघोगढ़ से उनके बेटे जयवर्धन सिंह प्रत्याशी हैं। विजयपुर विधायक रामनिवास रावत का टिकट होल्ड किया है। मुरैना-शिवपुरी में दो-दो और दतिया में एक प्रत्याशी पहली बार चुनाव लड़ेंगे।
ग्वालियर-चंबल : कांग्रेस की पहली सूची
-कुल 27 सीटों में से 18 पर प्रत्याशी घोषित किया
-विवादों में घिरे हेमंत कटारे समेत 5 विधायकों को फिर से टिकट
-शिवपुरी में उम्मीदवार पुाइनल करने में दिख रही ज्यादा मशक्कत
-करैरा विधायक शकुंतला खटीक का टिकट काटा
-पोहरी से सुरेश राठखेड़ा, करैरा से जसवंत जाटव नया नाम
-ग्वालियर दक्षिण सीट पर अभी नहीं हुआ फैसला
-ग्वालियर जिले में 4 प्रत्याशी रिपीट
-ग्वालियर ग्रामीण से पहले बसपा में रहे मदन सिंह कुशवाह को उतारा
-मुरैना में २, शिवपुरी में २, दतिया में 1 प्रत्याशी पहली बार चुनाव लड़ेंगे
-मुरैना, भिण्ड, दतिया, शिवपुरी में 7 प्रत्याशी पिछली बार के ही उतारे
-दिमनी से रिगर्राज दंडोतिया 2008 में हारे थे, अब फिर मिला टिकट