mp news: मध्यप्रदेश सरकार के ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर की AAP नेता से तीखी नोंकझोंक, गुस्से में बोले- तुम्हारी औकात क्या है?
MP News: मध्यप्रदेश के ग्वालियर में सिंधिया समर्थक मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर की AAP नेता से तीखी नोंकझोंक होती दिख रही है और इसी दौरान मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर गुस्से में तमतमाते हुए आप नेता से कहते सुनाई दे रहे हैं कि बकवास मत करो, तुम्हारी औकात क्या है? औकात की बात आने पर इसके बाद माहौल गर्मा जाता है और हंगामा होने लगता है।
देखें वीडियो-
आम आदमी पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष रोहित गुप्ता कार्यकर्ताओं के साथ गुरुवार को ऊर्जा मंत्री तोमर के रेसकोर्स रोड सरकारी बंगले पर पहुंचे थे। इसी दौरान दोनों के बीच तीखी बहस हो गई जिसका वीडियो सामने आया है। वीडियो में दिख रहा है कि जब आप नेता रोहित गुप्ता मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर के बीच बातचीत हो रही होती है तब मंत्री तोमर गुस्से में आ जाते हैं और तमतमाते हुए कहते हैं कि ये बदमतमीजी कर रहा है, बकवास मत करो, तुम्हारी औकात क्या है? मुझे शिकायत करने क्यों आए हो, मैं कोई कार्रवाई नहीं करूंगा।
आप नेता रोहित गुप्ता ने मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर पर भू माफिया को संरक्षण देने के आरोप लगाए हैं। बताया गया है कि गांधीनगर क्षेत्र में मंत्री के करीबी गुड्डू उर्फ गौरव बाजपेयी ने ओबीसी महासभा के संस्थापक एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष विजय कुमार के एक फ्लैट पर अवैध कब्जा कर लिया है। इसी संबंध में जब आप नेता रोहित गुप्ता और मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर के बंगले पर कार्यकर्ताओं के साथ पहुंचे थे। जब आप नेता ने मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर से कहा कि गौरव वाजपेयी आपके नाम पर डरा धमका रहा है तो इसी बात को लेकर दोनों के बीच तीखी बहस हो गई।