mp Weather Alert: मौसम विभाग (imd) ने शिवपुरी में ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जबकि ग्वालियर, दतिया, भिंड, मुरैना में कोहरे के साथ गरज चमक के साथ हल्की बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है।
mp Weather Alert: उत्तर भारत से आ रही बर्फीली हवाओं का असर उत्तरी मध्यप्रदेश में देखने को मिलने लगा है। ग्वालियर क्षेत्र में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। मौसम विभाग ने ओलावृष्टि और बारिश का अलर्ट जारी किया है।
शनिवार को सुबह से ही ग्वालियर क्षेत्र में कोहरा छाया हुआ है। इसका असर ट्रेनों की आवाजाही पर पड़ने लगा है। ट्रेनें धीमी रफ्तार से चल रही हैं। आगे आने वाले दिनों में कोहरा और भी बढ़ सकता है।
जम्मू कश्मीर में आ रहा पश्चिमी विक्षोभ व राजस्थान में बन रहे चक्रवातीय घेरे से अगले 48 घंटे में ग्वालियर चंबल संभाग में गरज-चमक के साथ बारिश के आसार हैं। वहीं शिवपुरी में ओलावृष्टि का अलर्ट भी जारी किया गया है। शीतलहर के साथ ही कोहरा भी बढ़ गया है। इस कारण ट्रेनों की रफ्तार धीमी हो गई है।
इससे पहले शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ जो सामान्य से 1.4 डिग्री सेल्सियस कम रहा। इससे रात में कंपकपाने वाली सर्दी रही। सुबह 9 बजे तक सर्दी से लोग कांपते रहे। दोपहर 12 बजे के बाद तेज धूप निकली, लेकिन सर्द हवा की वजह से धूप का अहसास कम हुआ। अधिकतम तापमान 21.5 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। दिन में चली सर्द हवा की वजह से ढाई डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज हुई।