MP Weather: मध्य प्रदेश के ग्वालियर, भोपाल, इंदौर, उज्जैन में रात को बढ़ी ठंड, दिनभर तेज धूप लेकिन गर्मी से मिली राहत, उत्तरी हवाओं के असर से मध्य प्रदेश में बदलेगा मौसम, 15 नवंबर से शुरू होगी हाड़ कंपाने वाली ठंड...
MP Weather Update: मध्य प्रदेश में कई जिलों में रातें सर्द होना शुरू हो गई हैं। वहीं दिन के मौसम में भी गर्मी से राहत मिल गई है। ग्वालियर शहर की बात करें तो दक्षिण पूर्व हवा शांत होने से सोमवार को ग्वालियर शहर के मौसम में बदलाव आया है। अधिकतम तापमान 32.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। तापमान सामान्य रहा, जिसकी वजह से गर्मी से राहत रही। वहीं रात में गुलाबी सर्दी ने दस्तक दे दी है। सुबह के समय सर्दी का अहसास होने लगा है। हल्की धुंध छाने से धूप की चुभन भी नहीं रही। मौसम विभाग के अनुसार धीरे-धीरे तापमान में गिरावट आएगी। तीसरे सप्ताह से शहर में सर्दी बढ़ सकती है। रात में पंखे चलना बंद हो जाएंगे। क्योंकि जम्मू कश्मीर में पश्चिमी विक्षोभ आ रहा है, जिससे कश्मीर में बर्फबारी होगी।
वैसे नवंबर के पहले सप्ताह में कड़ाके की सर्दी होने लगती है, जिससे पंखे बंद हो जाते हैं और गर्म कपड़े पहनने पड़ते हैं, लेकिन अभी तक वैसी सर्दी नहीं आई है। दिन व रात का तापमान सामान्य से ऊपर चल रहा है। सुबह के समय ही हल्की सर्दी का अहसास हो रहा है, लेकिन अब मौसम में बदलाव शुरू हो गया है। रात के तापमान में हर दिन 0.5 से 1 डिग्री सेल्सियस गिरावट की संभावना है। जबकि धुंध छाने से अधिकतम तापमान स्थिर रह सकता है। हवा में नमी घट जाने से बादल भी नहीं छाएंगे।
सोमवार 4 नवंबर को राजधानी भोपाल में दिन में धूप और छांव का सिलसिला चला। दिन भर लोगों को तेज धूप ने परेशान किया तो शाम होते ही ठंडी हवाओं का दौर शुरू हो गया। मौसम विभाग का कहना है कि अगले कुछ दिन तक मध्य प्रदेश के अधिकांश जिलों में मौसम शुष्क बना रहेगा। भोपाल में दिन का अधिकतम तापमान 33 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं रात के न्यूनतम तापमान में भी गिरावट देखने को मिली। यह 17 डिग्री तक दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के आंकड़ों पर नजर डालें तो राजधानी भोपाल में 15 नवंबर के बाद जोरदार ठंड पड़ने का सिलसिला शुरू हो जाता है। पिछले 25 साल में 18 बार ऐसा हो चुका है। इस बार फिर यह सिलसिला जारी रहने की संभावना है। साल 1999 से 2023 तक नवंबर में सिर्फ सात बार कड़ाके की ठंड पड़ी है। बता दें कि इसका कारण यह है कि नवंबर में एक सप्ताह बाद या दूसरे पखवाड़े के आसपास विंड पैटर्न सेट हो जाता है।
मौसम विभाग का कहना है कि सोमवार को मध्य प्रदेश का नर्मदापुरम सबसे ज्यादा गर्म रहा। यहां प्रदेश भर में सबसे ज्यादा 35 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। इसके बाद गुना दूसरे नंबर पर रहा, यहां 34.6 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। वहीं मध्य प्रदेश में सात पहाड़ों की रानी पचमढ़ी में रात का सबसे कम तापमान दर्ज किया गया। यह 12.4 डिग्री सेल्सियस कर रहा।
मध्य प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मुताबिक मध्य प्रदेश के पांच बड़े जिलों की बात करें तो इंदौर की हवा सबसे साफ रही। विजयनगर इलाके में एक्यूआई 51 दर्ज किया गया। इसके अलावा जबलपुर में 76, उज्जैन में 133, भोपाल में 146 और ग्वालियर में 201 क्यूआई लेवल रहा।