
(फाइल फोटो)
ग्वालियर। मध्यप्रदेश के चंबल संभाग के श्योपुर जिले में एक पागल कुत्ते ने इलाके के 10 लोगों को काटकर घायल कर दिया है। मामला श्योपुर जिले की विजयपुर विधानसभा का है। जहां एक पागल कुत्ते ने सोमवार से ऐसा कहर ढाया कि उसे रास्ते में जो भी मिला उसे काट कर घायल कर डाला। कुत्ते के इस आतंक से पूरे इलाके में दहशत फैल गई है।
कुत्ते ने अब तक 10 लोगों को घायल कर दिया है। इन घायलों में एक 7 साल की मासूम बच्ची भी शामिल है, कुत्ते द्वारा किए गए इस हमले में बच्ची के सिर में गहरी चोटें आने की वजह से उसके सिर में 15 टांके लगाए गए है। वहीं कुत्ते के पागल होने की सूचना पर विजयपुर नगर परिषद की टीम कुत्ते को पकडऩे पहुंची, तो नगर परिषद के एक कर्मचारी को भी उस कुत्ते ने काट कर घायल कर दिया है। जिससे कर्मचारी भी दहशत में है।
इलाके में खौफ बना माहौल
जानकारी के मुताबिक कुत्ते ने सोमवार को 4 बच्चों समेत 8 लोगों को काटकर घायल किया, जबकि मंगलवार को सुबह भी 2 अन्य लोगों को भी काटकर घायल कर दिया। कुत्ते के खौफ से विजयपुर कस्बे में हालत ऐसे हैं कि लोग अपने बच्चों को लेकर घरों में कैद हो गए। वहीं नगर परिषद के कर्मचारी भी उसकी तलाश में जुटे हुए है।
जिंदा या मुर्दा का लाने पर रखा इनाम
सोमवार को नगर परिषद ने कुत्ते को जिंदा या मुर्दा लाने वाले को 500 रुपए इनाम की घोषणा की, जिसे मंगलवार को बढ़ाकर 1100 रुपए किया गया। इसके बाद नगर परिषद के कर्मचारियों ने मंगलवार को सुबह करीब 11 बजे कुत्ते को मार दिया। तब जाकर नगर के लोगों का डर दूर हुआ। इससे पहले नगर परिषद ने कुत्ते को जिंदा या मुर्दा लाने वाले को 1100 रुपए का इनाम घोषित करना पड़ा। साथ ही 30 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद कर्मचारी कुत्ते को मार पाए।