
ग्वालियर। यदि आप ऑनलाइन ट्रांजेक्शन कर रहे हंै तो आपको सावधानी रखने की सख्त जरुरत है। क्योकि आजकल ऑनलाइन ट्रांजेक्शन करते समय ही अधिक ठगी के मामले सामने आ रहे है। एक ऐसा ही मामला चंबल संभाग में भी देखने को मिला है। दरअसल पांच हजार रुपए को वापस लेने के फेर में बिजली कंपनी के जेई ने 99 हजार रुपए गंवा दिए। जेई के साथ यह ठगी ऑनलाइन ट्रांजेक्शन के जरिए हो गई। मामला शहर श्योपुर का है। हालांकि जेई ने इस मामले की शिकायत पुलिस में दर्ज कराई। लेकिन श्योपुर पुलिस के पास ऐसे मामलों को सुलझाने के लिए कोई संसाधन नहीं है।
यही वजह है कि श्योपुर पुलिस इस मामले को सुलझाने के लिए भोपाल के साइबर सेल के लिए भेजेगी। बिजली वितरण केन्द्र श्योपुर शहर में पदस्थ सहायक प्रबंधक संजय शाक्य ने 6 जून को बैंक खाते से 5 हजार रुपए की राशि फोन पे के जरिए ममेरे भाई के खाते में ऑनलाइन ट्रांसफर किए। लेकिन 5 हजार रुपए ममेरे भाई के खाते में नहीं पहुंचे। जबकि सहायक प्रबंधक शाक्य के खाते से 5 हजार रुपए कट गए।
फोन पे के ग्राहक सेवा केन्द्र के मोबाइल नंबर पर संपर्क कर समस्या बताई गई। जहां से कुछ लिंक जेई के मोबाइल पर मैसेज की गई और बताया गया कि लिंक को क्लिक करते ही आपके खाते से कटी राशि वापस आ जाएगी। सहायक प्रबंधक शाक्य ने भेजी गई लिंकों को क्लिक किया तो खाते से कटे 5 हजार तो वापस नहीं आए,उल्टा खाते से 99 हजार 432 रुपए चले गए। इस तरह जेई के खाते से एक लाख रुपए से ज्यादा की राशि चली गई। जेई ने अपने साथ हुई इस ठगी की शिकायत कोतवाली थाने में दर्ज कराई। इसके बाद पुलिस ने मामले में कार्रवाई शुरू कर दी है।