
ग्वालियर। शहर से वाहन चोरी कर देहात में खपाने वाली तीन वाहन चोरों की गैंग पकड़ी गई है, उनसे चोरी की १६ मोटरसाइकिल मिली हैं। पूछताछ में चोरों ने बाइक चुराने का तरीका और खरीदारों के ठिकाने का खुलासा किया है। महाराजपुरा टीआइ वायएस तोमर के अनुसार डीडी नगर पर चेकिंग में राहुल पुत्र केशव रजक निवासी काला सैय्यद, राजा रजक पुत्र प्रकाश निवासी पत्थर की फड़ गोल पहाडिय़ा और विशंम्भर यादव पुत्र परमान निवासी दुल्हनी, मुरैना को बाइक से जाते हुए रोका था।
उनसे गाड़ी के कागज मांगे तो तीनों फंस गए। इंटरनेट पर वाहन का रजिस्टे्रशन और चेसिस नंबर ट्रेस किया तो गाड़ी दीनदयाल नगर से चोरी की निकली। तीनों को थाने लाकर इंट्रोगेट किया तो पता चला कि राहुल शातिर वाहन चोर है। करीब पांच महीने पहले जेल से छूटा है।दोनों गुर्गो के साथ शहर और मुरैना से बाइक चोरी कर रहा है।
गैंग नए वाहनों की रैकी कर उन्हें चुराता है। वाहन चोर राहुल ने पूछताछ में बताया कि गिरोह के पास चोरी के करीब १६ वाहन हैं। उन्हें बेचने के लिए ग्राहकों की तलाश है। देहाती इलाका चोरी के वाहनों का बड़ा मार्केट है। वहीं वाहनों को खपाते हैं क्योंकि शहर में तो पुलिस चेकिंग में चोरी की गाडिय़ों के पकड़े जाने का खतरा रहता है लेकिन देहात में पुलिस वाहन चालकों को नहीं टोकती तो चोरी के वाहन बेधड़क चलते हैं।
ऐसे चुराते थे वाहन
वाहन चोरों ने बताया कि गैंग के तीनों मेंबर चोरी में माहिर हैं। गाडी चोरी करने के लिए तीनों साथ जाते हैं। विशंभर यादव वाहन की रैकी करता है। राजा रजक बाइक स्टार्ट कर दूर खड़ा रहता है। सरगना राहुल वाहन का लॉक तोड़कर उसे चुराता है। गाडी हाथ में आते ही तीनों उसे ठिकाने पर ले जाकर खड़ा करते हैं।