
ग्वालियर। मध्य प्रदेश की कमलनाथ सरकार के मंत्री और सिंधिया के खास समर्थक प्रदुमन सिंह तोमर ने एक बार फिर बड़ा बयान देकर चर्चाओं में आ गए है। सोमवार को प्रदेश के मंत्री प्रदुमन सिंह तोमर ने कहा कि बीजेपी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और सांसद प्रभात झा का मानसिक संतुलन बिगड़ चुका है। अब स्थिति यह है कि वह किसी के भी बारे में कुछ भी बोल देते है। लेकिन अपने गिरेबान में कभी नहीं झांकते हैं।
उन्होंने कहा कि सांसद प्रभात झा पहले अपनी गिरेबान में झांके कि उन्होंने अपनी सांसद निधि का उपयोग ग्वालियर में क्यों नहीं किया। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि प्रभात झा सिंधिया और सिंधिया परिवार पर निशाना साधते रहते हैं, लेकिन अगर सूरज पर थूकोगे, तो थूक कहां गिरेगा ये प्रभात झा को सोचना चाहिए। दरअसल हाल ही में प्रभात झा ने बीजेपी के संगठन मंत्री रामलाल पर सोशल मीडिया पर इशारों ही इशारों में निशाना साधा है। जिसको लेकर उनकी आलोचना बीजेपी से लेकर राजनीतिक गलियारों में हो रही है। ऐसे में सिंधिया के खास समर्थक और प्रदेश के कद्दावर मंत्री प्रधुम्न सिंह तोमर ने उन पर जमकर कटाक्ष किया है।
कैबिनेट मंत्री यह किया कटाक्ष
कैबिनेट मंत्री प्रधुम्न सिंह तोमर ने कहा कि प्रभात झा का मानसिक संतुलन बिगड़ चुका है, वह किसी के बारे में कुछ भी बोल देते हैं। लेकिन अपने गिरेबान में कभी नहीं झांकते हैं कि उन्होंने अपनी सांसद निधि का उपयोग ग्वालियर में क्यों नहीं किया। अगर सूरज पर थूकोगे, तो थूक कहां गिरेगा ये प्रभात झा को सोचना चाहिए।
सिंधिया पर हमला
इससे पहले प्रभात झा ने अपने ट्वीट में कांग्रेस के कद्दावर नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया ( Jyotiraditya Scindia ) पर भी हमला बोला है। उन्होंने ज्योतिरादित्य सिंधिया को टैग करते हुए उनके लिए भी कई बातें लिखी हैं। तो क्या प्रभात झा का ट्वीट ज्योतिरादित्य सिंधिया के लिए था? सियासी गलियों में यह सवाल भी उठने लगा है। प्रभात झा ने अपने ट्वीट पर लिखा- ज्योतिरादित्य सिंधिया जी हारने के बाद आपका मार्गदर्शन गले नहीं उतर रहा। राहुल गांधी ( Rahul Gandhi ) जी की जो आज दुर्दशा हो रही है उसमें ज्योतिरादित्य सिंधिया का कम हाथ या योगदान नहीं है। ज्योतिरादित्य जी अगर आज सरदार वल्लभभाई पटेल होते, तो आप कहां होते?
सिंधिया पर पहले भी कर चुके हैं हमला
प्रभात झा ज्योतिरादित्य सिंधिया के खिलाफ खुला हमला बोलते हैं। हाल ही में उन्होंने ज्योतिरादित्य सिंधिया की हार पर तंज कसते हुए कहा था कि, ज्योतिरादित्य सिंधिया ने अपना जनाधार खो दिया है और करोड़ों की जमीन लेकर बैठे हैं और खुद का महाराजा कहते हैं।