ग्वालियर

ग्वालियर हादसे पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, पीएम नरेंद्र मोदी समेत कई दिग्गजों ने जताया शोक

Gwalior Truck Accident : शीतला माता मंदिर हादसे को लेकर देशभर में शोक की लहर दौड़ पड़ी है। हादसे को लेकर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, पीएम नरेंद्र मोदी समेत देश के कई दिग्गज नेताओं ने शोक व्यक्त किया है। बता दें कि, हादसे में अब तक 15 श्रद्धालुओं की मौत की पुष्टि हो चुकी है।
5 min read
Gwalior Truck Accident
शीतला माता मंदिर हादसे पर देश के दिग्गजों ने जताया शोक (फोटो सोर्स: Patrika)

Gwalior News:मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले में स्थित शीतला माता मंदिर दर्शन करने आए 45 से अधिक श्रद्धालुओं को अनियंत्रित ट्रक द्वारा रौंदे जाने के बाद देशभर में शोक की लहर दौड़ पड़ी है। देर रात हुए इस भीषण हादसे में अब तक 15 लोगों की मौत की फुष्टि हो चुकी है। जबकि, कई लोगों की हालत अब भी बेहद नाजुक बनी हुई है। इधर, हादसे को लेकर जहां एक तरफ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शोक व्यक्त करते हुए मृतकों को मुआवजा राशि देने का ऐलान किया है तो वहीं दूसरी तरफ राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेद्र मोदी समेत भाजपा-कांग्रेस से जुड़े देश के कई दिग्गज नेताओं ने दुख व्यक्त किया है।

बताया जा रहा है कि, अनियंत्रित होकर ढाल पर लुढ़कते हुए आए ट्रक की चपेट में आने से अब तक एक पुलिस जवान समेत 15 श्रद्धालुओं की मौत हो चुकी है। हादसे को लेकर कलेक्टर रुचिका चौहान ने बताया कि, हादसा चीनौर रोड पर ढलान के पास हुआ है। सभी श्रद्धालु शीतला माता मंदिर में दर्शन करने जा रहे थे।

राष्ट्रपति मुर्मू ने जताया शोक

हादसे को लेकर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शोक व्यक्त किया है। उन्होंने अपने आधिकारिक शोशल मीडिया हैंडल एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि, ग्वालियर, मध्य प्रदेश में हुई सड़क दुर्घटना में लोगों की मृत्यु का समाचार दुखद है। मैं शोक संतप्त परिवारजनों के प्रति गहन संवेदना व्यक्त करती हूँ और घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूँ।

पीएम मोदी ने जताया शोक

वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हादसे पर शोक संवेदनाएं व्यक्त करते हुए जान गवाने वाले श्रद्धालुओं को पीएम राहत कोष से 2 लाख और और घायलों को 50 हजार अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। उन्होंने पीएमओ के आधिकारिक एक्स हैंडल पर पोस्ट करते हुए लिखा कि, 'मध्य प्रदेश के ग्वालियर में हुए हादसे में लोगों की जान जाने की खबर से बहुत दुख हुआ। शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएं। घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूँ।

इस हादसे में जान गंवाने वालों के परिजनों को PMNRF (प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष) से ​​2-2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे।'

सीएम मोहन यादव ने की घोषणा

इससे पहले मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने घटना पर शोक व्यक्त करते हुए हादसे के मृतकों और घायलों को मुआवजा राशि देने की घोषणा की है। साथ ही, दो मंत्रियों समेत अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए हैं। उन्होंने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर पोस्ट करते हुए लिखा कि, 'ग्वालियर में हुए ट्रक हादसे में श्रद्धालुओं की मृत्यु का समाचार अत्यंत हृदयविदारक है। इस दुःख की घड़ी में राज्य सरकार सभी प्रभावित परिवारों के साथ है। सभी मृतकों के परिजन के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं।

'राज्य शासन की ओर से मृतकों के परिजन को 4-4 लाख रुपए, गंभीर घायलों को 2-2 लाख रूपए और अन्य घायलों को 50-50 हजार रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए हैं। सभी घायलों का नि:शुल्क उपचार किया जाएगा। प्रभावित परिवार ग्वालियर, शिवपुरी और श्योपुर से हैं। किसान कल्याण एवं कृषि विकास मंत्री एंदल सिंह कंसाना जी और कैबिनेट मंत्री राकेश शुक्ला को ग्वालियर पहुंचने के निर्देश भी दिए हैं।' सीएम ने आगे लिखा कि, बाबा महाकाल से प्रार्थना है कि दिवंगतों को अपने श्रीचरणों में स्थान दें, शोकाकुल परिजनों को यह गहन दुःख सहन करने की शक्ति एवं घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।

राहुल गांधी ने जताया दुख

वहीं, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने हादसे पर गहरी संवेदनाएं व्यक्त की हैं। उन्होंने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि, 'ग्वालियर, मध्य प्रदेश में शीतला माता मंदिर के पास एक बेकाबू ट्रक द्वारा हुए भीषण हादसे में कई श्रद्धालुओं की मृत्यु की खबर बेहद दुखद है। इस दुर्घटना में अपने प्रियजनों को खोने वाले शोकाकुल परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। दुख की इस घड़ी में उनके साथ हूं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की आशा करता हूं।'

नरेंद्र सिंह तोमर ने जताया शोक

विधानसभा अध्यक्ष और कैबिनेट मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने हादसे पर शोक व्यक्त करते हुए पोस्ट किया कि, 'ग्वालियर में शीतला माता मंदिर के पास अनियंत्रित ट्रक की चपेट में आने से कई श्रद्धालुओं के असमय निधन का समाचार अत्यंत ही दुःखद एवं हृदयविदारक है। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगतों को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करे, एवं घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ मिले।'

एक अन्य पोस्ट में उन्होंने लिखा कि, 'मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव जी ने तुरंत ही घटना का संज्ञान लेते हुए मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये, गंभीर घायलों को 2-2 लाख रूपये और अन्य घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री जी का हार्दिक आभार!'

बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने जताया शोक

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने हादसे पर दुख व्यक्त करते हुए पोस्ट किया कि, 'ग्वालियर के चीनोर रोड पर हुई सड़क दुर्घटना में शीतला माता मंदिर दर्शन के लिए जा रहे श्रद्धालुओं के असमय काल-कवलित होने का समाचार हृदय को द्रवित करने वाला है। मातारानी सभी पुण्यात्माओं को अपने श्री चरणों में आश्रय दें तथा शोकाकुल परिजनों को यह वज्रपात सहने का सामर्थ्य प्रदान करें। मेरी गहरी संवेदनाएं पीड़ित परिवारजनों के साथ हैं। दुर्घटना में घायल नागरिकों को भी शीघ्र पूर्ण स्वास्थ्य लाभ मिले, यही मातारानी से प्रार्थना है।'

केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने जताया दुख

हादसे को लेकर केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने भी शोक व्यक्त किया है। उन्होंने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि, 'ग्वालियर में हुआ भीषण हादसा अत्यंत पीड़ादायक एवं हृदयविदारक है। माँ शीतला के दर्शन करने आए श्रद्धालुओं के असामयिक निधन से मन व्यथित है। मध्य प्रदेश शासन एवं प्रभारी मंत्री के निरंतर संपर्क में हूँ। राज्य सरकार ने मृतकों के परिजनों एवं घायलों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही, सभी घायलों का निःशुल्क उपचार सुनिश्चित करने को भी निर्देशित किया गया है।

इस दुःख की घड़ी में मेरी गहरी संवेदनाएं शोकाकुल परिवारों के साथ हैं। माँ जगदम्बा दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान दें, परिजनों को यह असहनीय दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें और घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ दें।

पीसीसी चीफ जीतू पटवारी ने व्यक्त किया दुख

हादसे को लेकर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने दुख व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए लिखा कि, 'ग्वालियर के शीतला माता मंदिर में सप्तमी की रात हुए दर्दनाक हादसे में 13 लोगों की मृत्यु अत्यंत हृदयविदारक है। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें और शोकाकुल परिवारों को इस असहनीय दुःख को सहने की शक्ति दें। हादसे में घायल सभी लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूँ। प्रशासन घायलों के समुचित उपचार और हादसे की निष्पक्ष जाँच सुनिश्चित करे, ताकि भविष्य में ऐसी त्रासदी की पुनरावृत्ति न हो। ॐ शांति!'

नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने जताया दुख

विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने हादसे पर शोक व्यक्त करते हुए लिखा कि, 'ग्वालियर में शीतला माता मंदिर के पास हुए भीषण सड़क हादसे में 15 लोगों की मृत्यु का समाचार अत्यंत दुखद एवं पीड़ादायक है। इस हृदयविदारक हादसे में जान गंवाने वाले सभी लोगों को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूँ। शोकाकुल परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएँ हैं। ईश्वर उन्हें यह असहनीय दुख सहने की शक्ति प्रदान करें। हादसे में घायल हुए सभी लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूँ। ॐ शांति।'

पूर्व सीएम कमलनाथ ने जताया दुख

हादसे को लेकर एमपी के पूर्व सीएम कमलनाथ ने शोक व्यक्त करते हुए पोस्ट किया कि, 'ग्वालियर में शीतला माता मंदिर में दर्शन के लिए सड़क किनारे लाइन में लगे लोगों के ट्रक से कुचलने की घटना में 15 श्रद्धालुओं की मृत्यु और बड़ी संख्या में घायल होने की दुखद घटना से मन व्यथित है। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को अपने श्री चरणों में स्थान प्रदान करें। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना है। ॐ शांति।'

Updated on:
18 Oct 2026 12:40 pm
Published on:
18 Oct 2026 11:46 am