
कोटा बैराज से निकली चंबल मुख्य नहर में राजस्थान की सीमा में पानी की मॉनिटरिंग के लिए भले ही स्काडा सिस्टम लगाने का प्रस्ताव हो, लेकिन राजस्थान ने अभी तक ये सिस्टम नहीं लगाया है। जबकि मध्यप्रदेश द्वारा इसके लिए करीब 5 साल पहले ही राजस्थान को डेढ़ करोड़ रुपए की राशि भी दी जा चुकी है। स्काडा सिस्टम नहीं लगने से राजस्थान की सीमा में चंबल नहर के पानी की निगरानी नहीं हो पा रही है, जिससे राजस्थान की सीमा में पानी ज्यादा ले लिया जाता है और मप्र को कम पानी मिल पाता है। यही वजह है कि इस बार भी जब चंबल नहर में पानी चल रहा है, तब भी मांग अनुसार जलप्रवाह नहीं हो रहा है। स्थिति ये है कि वर्तमान में मप्र को पार्वती एक्वाडक्ट पर 2700 क्यूसेक के आसपास पानी मिल रहा है, जबकि मप्र की डिमांड 3500 क्यूसेक की है। जिसके चलते टेल पोर्सन पर पानी नहीं पहुंच रहा है।
कोटा बैराज से निकलने के बाद चंबल दाईं नहर मध्यप्रदेश में प्रवेश करने से पहले 124 किलोमीटर की लंबाई में राजस्थान में बहती है। इससे राजस्थान का एक बड़ा क्षेत्र सिंचित होता है। यही वजह है कि मध्यप्रदेश की डिमांड हर साल 3500 से 3900 क्यूसेक रहती है, लेकिन बीच में राजस्थान की सीमा में डिस्ट्रीब्यूटरियों में ज्यादा पानी छोड़ दिया जाता है, जिससे मप्र को कम पानी मिल पाता है। इसको लेकर हर साल तकरार बनी रहती है। यही वजह है कि ये स्काडा सिस्टम लगाने की तैयारी है। ये सिस्टम राजस्थान के इसी 124 किमी के हिस्से में 6 स्थानों पर लगेंगे, जहां से बड़ी डिस्ट्रीब्यूटरी निकलती है।
स्काडा (सुपरवाइजरी कंट्रोल एंड डाटा एक्यूजिशन) सिस्टम, निगरानी और नियंत्रण के लिए वास्तविक समय डेटा इकट्ठा करने और विश्लेषण करने के लिए एक कंप्यूटर आधारित प्रणाली है। स्काडा सिस्टम में सेंसर और नेटवर्क उपकरणों से डेटा प्राप्त किया जाता है। इसमें गति, जल प्रवाह दर, तापमान और दबाव जैसे मापदंडों को मापते हैं। एक केंद्रीकृत प्रणाली है जो पूरे क्षेत्र की निगरानी और नियंत्रण करती है।
चंबल नहर से चंबल संभाग के तीनों जिलों (श्योपुर, मुरैना और भिंड) में सिंचाई होती है। पार्वती एक्वाडक्ट के रास्ते मप्र में प्रवेश करने के बाद मुख्य चंबल नहर (इसकी बड़ी शाखाओं सहित) 560 किलोमीटर की लंबाई में श्योपुर, मुरैना और भिंड जिले में बहती है। इसमें पार्वती एक्वाडक्ट से सबलगढ़ तक की 169 किमी लंबी मुख्य चंबल नहर(सीआरएमसी) के बाद अंबाह ब्रांच केनाल, एलएमसीस, मुरैना ब्रांच केनाल, भिंड मेन केनाल और मऊ ब्रांच केनाल से निकली 172 डिस्ट्रीब्यूटरी नहरों के माध्यम से तीनों जिलों में सिंचाई होती है। लगभग 3 हजार किलेामीटर की डिस्ट्रीब्यूटरी और माइनर नहरों के सिंचाई सिस्टम के जरिए तीनों जिलों में 3 लाख 65 हजार हेक्टेयर का रकबा सिंचित होता है।