
Gwalior Amit Hablani Case- 15 कारोबारियों से ठगी कर फरार हुआ मोबाइल कारोबारी अमित हबलानी (फोटो सोर्स- Patrika/Google Maps)
Gwalior Amit Hablani Case- मध्य प्रदेश के ग्वालियर शहर के 15 मोबाइल कारोबारियों के करीब 3 करोड़ रुपए लेकर फरार मोबाइल कारोबारी अमित हबलानी परिवार समेत अंडरग्राउंड हो गया है। करीब 36 से ज्यादा घंटे के मंथन के बाद कारोबारियों की शिकायत पर पुलिस ने अमित के खिलाफ अमानत में खयानत का केस दर्ज किया है। अमित कारोबारियों के अलावा अपने कर्मचारियों की पगार और उनके क्रेडिट कार्ड से भी पैसा हड़प कर ले गया है।
अमित हबलानी निवासी एस-2, सर्जन अपार्टमेंट, श्रुति एन्क्लेव, द्वारिकापुरी के खिलाफ बुधवार रात पुलिस ने आठ कारोबारियों की शिकायत पर केस दर्ज किया है। इन कारोबारियों ने 1 करोड़ 67 लाख 86 हजार 446 रुपए के मोबाइल फोन और एसेसरीज के बिल पुलिस को सौंपे हैं। कारोबारियों का कहना है कि लिखापढ़ी के अलावा अमित से भरोसे पर भी लेन-देन चलता था। उसका भी हिसाब पुलिस को देंगे।
अमित हबलानी की शहर में मोबाइल की सात दुकानें है। इनमें चार दुकानें और ऑफिस राजीव प्लाजा में हैं। स्मार्ट फोन जोन नाम की दो दुकानों का संचालन अमित के पिता मोतीलाल हबलानी और पत्नी कनिका हबलानी करते हैं। इन दोनों दुकानों का सामान भी अमित समेटकर ले गया है। इनके अलावा ज्येंद्रगंज, थाटीपुर और टोपी बाजार में उसकी एक-एक दुकान है। इन दुकानों के स्टाफ की पगार भी अमित लेकर फरार हो गया है।
इंदरगंज थाना टीआई दीप्ति तोमर का कहना है कि आरोपी अमित हबलानी पूरी प्लानिंग पत्नी कनिका और पिता मोतीलाल हबलानी के साथ रात के वक्त भागा है। फिलहाल तीनों कहां छिपे हैं, इसका पता नहीं चला है। सीसीटीवी फुटेज से उनके भागने का रूट ट्रैक किया जा रहा है। इसके अलावा अमित, मोतीलाल और कनिका के बैंक खातों की जानकारी जुटाई जा रही है।
अमित के फरार होने का पता चलने पर उसका स्टाफ अपनी रकम की वसूली को लेकर परेशान है। कर्मचारी उसके मकान और दुकानों में रखा सामान उठाकर ले जा रहे हैं। कुछ कर्मचारी लोडिंग वाहन लेकर उसके घर पहुंचे और उसका स्कूटर उठा ले गए।
मोबाइल कारोबारियों ने शिकायत में बताया कि अमित ज्यादातर व्यापारियों से फोन और एसेसरीज उधार लेकर बेचता था और उसके बाद भुगतान करता था। उसके साथ लंबे समय से कारोबार कर रहे थे, इसलिए भरोसे में सामान दिया था। यह नहीं पता था कि वह चूना लगा देगा। इस बार अमित हबलानी ने दीपावली पर ज्यादा सामान लिया था। उसमें से जो मोबाइल और एसेसरीज बेचे, उनका भुगतान नहीं किया। वह सारा पैसा और बचा हुआ सामान लेकर फरार हो गया।
व्यापारियों का आरोप है अमित को कारोबारियों का 3 करोड़ से ज्यादा का भुगतान करना था, लेकिन वह पैसा समेटकर भाग गया, मंगलवार को दोपहर 11.30 बजे तक उसकी एक भी दुकान नहीं खुली तब शक हुआ, कुछ देर बाद पता चला कि अमित मकान और दुकान बेचकर भाग चुका है। उसके स्टोर पर काम करने वाले स्टाफ ने खुलासा किया अमित दुकानों में भरा सारा सामान भी समेट कर ले गया है। अमित के गायब होने की खबर से उसके साथ कारोबार करने वाले व्यापारियों में हडकंप मच गया, कारोबारी इक्टठे होकर अमित के द्वारिकापुरी, सेवानगर में मकान पर पहुंचे तो वहां ताला लगा था उसकी कार एमपी 07 जेडजेड 7888 गायब थी।
शहर के करीब 15 मोबाइल कारोबारियों से लगभग तीन करोड़ रुपए का माल और नकदी समेटकर परिवार सहित भूमिगत हुए मोबाइल व्यापारी अमित हबलानी की करतूतों की परतें अब तेजी से खुलने लगी हैं। बाजार में चर्चा है कि अमित शेयर बाजार और ऑनलाइन सट्टे के दलदल में बुरी तरह फंसकर कंगाल हो चुका था। इसी कर्ज और नुकसान की भरपाई के लिए उसने सुनियोजित तरीके से ठगी का यह पूरा जाल बुना।
फरारी के तुरंत बाद उसने अपने सभी मोबाइल नंबर बंद कर लिए है और फेसबुक व इंस्टाग्राम जैसे सोशल मीडिया अकाउंट्स भी पूरी तरह डिलीट कर दिए है। पुलिस को अंदेशा है कि वह परिवार सहित देश छोड़कर भाग सकता है, जिसके चलते उसके पासपोर्ट और वीजा की जानकारी खंगाली जा रही हैं। बुधवार को दाल बाजार और इंदरगंज के इलेक्ट्रॉनिक्स मार्केट में इस सनसनीखेज धोखाधड़ी को लेकर दिनभर गहमागहमी रही। ठगे गए व्यापारियों का दावा है कि धोखाधड़ी का यह आंकड़ा 5 करोड़ रुपए के पार भी जा सकता है।
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
Updated on:
27 Nov 2026, 8:54 AM IST
Published on:
27 Nov 2026, 8:54 AM IST
बड़ी खबरें
View Allग्वालियर
मध्य प्रदेश न्यूज़




