
ग्वालियर. भाई-बहन का पर्व रक्षाबंधन 28 अगस्त को मनाया जाएगा। सराफा बाजार में सोने-चांदी की खास राखियां बिकने के लिए आ चुकी हैं। हालांकि इस साल सोना और चांदी के महंगे दामों ने सोना-चांदी की राखियों में थोड़ा बदलाव ला दिया है। इस बार बाजार में हल्के और कम वजन की आकर्षक राखियां बिक रहीं हैं। खास बात ये है कि सोना-चांदी की इन राखियों के साथ रेशम का धागा भी लगाया जा रहा है। खासतौर पर राजकोट और मुंबई से आ रहीं इन राखियों में राशि, नाम, स्वस्तिक, ओम और त्रिशूल जैसे कस्टमाइज्ड डिजाइन विशेष पसंद आ रहे हैं। सराफा कारोबारी गौरव गोयल के मुताबिक हल्के वजन की चांदी की राखी में रेेशम का धागा लगाया गया है। ये एक से दो ग्राम के बीच की हंै। इनके दाम 300 से 1000 रुपए तक हैं। वहीं इस बार सोने के रेट भी काफी अधिक हैं। सोने की राखी में आधा से तीन ग्राम तक की राखियां 8 हजार से 30 हजार रुपए तक बिक रहीं हैं। इन राखियों के पीस फैलाकर वजन कम करके बनाया गया है।
पारंपरिक राखियों के साथ प्रीमियम और डिजाइनर राखियां भी की जा रही पसंद
रक्षाबंधन के लिए बाजार में पारंपरिक राखियों का बाजार भी पूरी तरह से सज चुका है। महाराज बाड़ा के आसपास के बाजारों में ऐसी पारंपरिक राखियों के साथ प्रीमियम और डिजाइनर राखियों की मांग भी तेजी से बढ़ी हैं। बहनें भाइयों की पसंद के अनुसार अलग-अलग तरह की राखियां खरीद रही हैं। बच्चों के लिए कार्टून थीम, युवाओं के लिए स्टाइलिश और महिला के लिए लुम्बा राखियों का बड़ा संग्रह बाजार में उपलब्ध है। बच्चों के लिए स्पाइडर मैन, छोटा भीम, डोरेमोन, मोटू-पतलू, सुपरमैन की राखियां 30 से 300 रुपए की रेंज में हैं। राखियों के साथ चॉकलेट खिलौनों के गिफ्ट भी दिए जा रहे हैं। युवाओं के लिए ब्रेसलेट स्टाइल, रुद्राक्ष, महादेव, गणेश, स्वास्तिक और पर्सनलाइज्ड नाम वाली राखियां उपलब्ध हैं। महिलाओं के लिए लुम्बा राखी, कुंदन, मोती, जरी, स्टोन और पर्ल डिजाइन की बड़ी रेंज मिल रही है। 10 से 50 रुपए तक की सामान्य राखियां, 100 से 500 रुपए तक डिजाइन राखियां मिल रही हैं।