
ग्वालियर। दतिया जिले में सोमवार को रतनगढ़ माता मंदिर पर दर्शन करने के लिए जा रही श्रद्धालुओं से भरी लोडिंग पिकअप अनियंत्रित होकर ग्राम थरेट के पास पेड़ से टकरा गई। इससे वाहन में सवार करीब एक दर्जन यात्री घायल हो गए। घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची दो डायल 100 वाहनों ने सभी घायलों को इंदरगढ़ अस्पताल में भर्ती कराया। जानकारी के अनुसार जिला निबाड़ी से कुछ लोग लोडिंग पिकअप वाहन से मां रतनगढ़ के दर्शनों के लिए रतनगढ़ जा रहे थे। सोमवार की सुबह करीब 4 बजे जैसे ही वाहन ग्राम थरेट के पास पहुंचा ही था कि चालक का वाहन से नियंत्रण बिगड़ गया और वाहन रोड किनारे पेड़ से जा टकराया।
इससे वाहन में सवार गोविंद, सुखलाल, श्यामपाल, कल्पना, शंकर, अर्चना, रामकुमार, ठाकुरदास, भगवती, भगवत, लखन एवं बती घायल हो गए। घटना की जैसे ही सूचना डायल 100 को मिली तो डायल 100 मौके पर पहुंची।
उसमें तैनात पायलट अभिषेक श्रीवास्तव, कुंवर सिंह यादव एवं कांस्टेबल पहलवान सिंह एवं सैनिक रामरतन ने घायलों को वाहन में बैठाकर उपचार के लिए इंदरगढ़ अस्पताल में भर्ती कराया जहां सभी का उपचार किया जा रहा है। वहीं पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ये लोग हुए घायल
घायलों में गोविंद,सुखलाल,श्यामलाल कल्पना,शंकर,अर्चना,राम कुमार,ठाकुर दास,भगवती भगवत,लखन और बती घायल हो गए हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए इंदरगढ़ अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां सभी का उपचार किया जा रहा है। साथ ही दो लोगों की गंभीर स्थिति होने पर उन्हें दतिया में भर्ती कराया गया है।