
ग्वालियर। ग्वालियर चंबल संभाग के मुरैना जिला की पुलिस और प्रशासन की समझाइश के बाद भी स्कूल वेन के चालक गाड़ी ठीक से नहीं चला रहे हैं। गुरुवार को एक स्कूल वैन फिर से चालक की लापरवाही की भेंट चढ़ गई। गौसपुर के पास सडक़ किनारे खाई में स्कूल वैन पलट गई, जिसमें सवार 35 बच्चों में से करीब एक दर्जन बच्चे घायल हुए हैं इनमें से गंभीर रूप से घायल बच्चों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना गुरुवार की सुबह की है।
जानकारी के अनुसार एम एस विनायक पब्लिक स्कूल बघपुरा की वैन सुबह बच्चों को लेने क्षेत्र में गई थी। गौसपुर से बच्चे बैठाकर स्कूल के लिए वापस जा रही थी। कुछ ही दूरी पर चालक ने गाड़ी को तेजी व लापरवाही से चलाकर पलट दिया। वैन ने दो तीन पलटी खाई। जिससे बच्चों में हाहाकार मच गई। वैन में करीब 35 बच्चे भरे हुए बताए गए हैं।
डीईओ को नहीं थी बस पलटने की जानकारी
गौसपुर के पास स्कूल वैन पलटने की घटना के बारे में जब जिला शिक्षा अधिकारी आर जे सत्यार्थी से बात की गई तो उनको शाम साढ़े सात बजे तक कोई जानकारी नहीं थी। यह बड़ा मामला है कि एक स्कूल की वैन सुबह पलट रही है उसमें बच्चे घायल हुए, उनको अस्पताल में भर्ती करा दिया गया और विभाग के मुखिया को जानकारी तक नहीं हैं।
काम नहीं आया पुलिस का प्रशिक्षण
बढ़ती दुर्घटनाओं को देखते हुए स्कूल बस व वेन चालकों को पुलिस अधिकारियों द्वारा दो तीन शिफ्ट में पुलिस लाइन में प्रशिक्षण दिया गया था और बताया कि किस तरह वाहन चलाएं जिससे दुर्घटना से बचा जा सके लेकिन उस प्रशिक्षण का चालकों पर कोई असर नहीं हुआ।
वहीं प्रशासन ने भी स्कूल संचालकों को चेतावनी दी थी कि दुर्घटना हुई तो कार्रवाई की जाएगी लेकिन इन वाहन चालकों पर कोई असर नहीं हुआ और लापरवाही से चलाने पर फिर से एक स्कूल की वेन पलट गई और बच्चे दुर्घटना के शिकार हुए।
"वैन का चालक अरेस्ट कर लिया है और पता करवा रहे हैं अगर वैन ओवरलोड थी तो कार्रवाई की जाएगी। थाना प्रभारी को निर्देश दिए हैं कि स्कूल संचालक के खिलाफ भी एफआइआर दर्ज करें।"
अमित सांघी, एसपी, मुरैना