ग्वालियर

ग्वालियर… चश्मा लगने की उम्र 7 साल घटी, अब 45 नहीं 35 साल में ही कमजोर हो रही आंखें

बदलती जीवनशैली, अनियमित खानपान और मोबाइल-कंप्यूटर के बढ़ते इस्तेमाल का असर अब आंखों की सेहत पर दिखने लगा है। पहले जहां 40 से 45 वर्ष की उम्र में चश्मे ...
2 min read
• •
Updated: 17 Nov 2026, 5:37 PM IST
eye

ग्वालियर। बदलती जीवनशैली, अनियमित खानपान और मोबाइल-कंप्यूटर के बढ़ते इस्तेमाल का असर अब आंखों की सेहत पर दिखने लगा है। पहले जहां 40 से 45 वर्ष की उम्र में चश्मे की जरूरत पड़ती थी, वहीं अब यह उम्र घटकर 35 से 38 वर्ष रह गई है। सरकारी और निजी अस्पतालों की नेत्र रोग ओपीडी में पहुंचने वाले कुल मरीजों में 20 से 30 फीसदी युवा इसी आयु वर्ग के हैं। नेत्र रोग विशेषज्ञों के मुताबिक, लगातार स्क्रीन पर समय बिताने और खानपान की अनदेखी से आंखों संबंधी समस्याएं बढ़ रही हैं।

स्क्रीन पर ज्यादा समय बिताना पड़ रहा भारी

डॉक्टरों के मुताबिक, युवाओं का अधिकांश समय लैपटॉप, कंप्यूटर और स्मार्टफोन पर बीतता है। लगातार स्क्रीन देखने से पलकें झपकने की दर कम हो जाती है, जिससे आंखों में सूखापन, जलन और धुंधलेपन की शिकायत होने लगती है। इसके अलावा जंक फूड और पोषक तत्वों की कमी भी आंखों की सेहत को प्रभावित कर सकती है।

आंखों को सुरक्षित रखने के लिए बदलें आदतें

विशेषज्ञों का कहना है कि तकनीक से दूरी बनाना संभव नहीं है, लेकिन स्क्रीन के इस्तेमाल में सावधानी जरूरी है। लगातार काम करने के बजाय बीच-बीच में ब्रेक लें। 20-20-20 नियम अपनाएं यानी हर 20 मिनट में 20 सेकंड के लिए 20 फीट दूर देखें। आंखों में परेशानी होने पर नेत्र विशेषज्ञ से जांच कराएं।

आंकड़ों में बदलाव

  • पहले चश्मे की जरूरत: 40 से 45 वर्ष
  • अब चश्मे की जरूरत: 35 से 38 वर्ष
  • ओपीडी में युवा मरीजों की हिस्सेदारी: 20 से 30 फीसदी

इन लक्षणों को न करें नजरअंदाज

  • मोबाइल या किताब पढ़ते समय धुंधला दिखना।
  • शाम को आंखों में भारीपन और सिरदर्द।
  • आंखों में बार-बार पानी आना या लालिमा रहना।

इनका कहना है

कम उम्र के काफी लोग आंखों की परेशानी लेकर ओपीडी में आ रहे हैं। इनमें अधिकांश लगातार मोबाइल और कंप्यूटर पर काम करने वाले हैं। काम का दायरा बढ़ने के साथ दिनचर्या में बदलाव जरूरी है, ताकि आंखों को सुरक्षित रखा जा सके।
डॉ. डीके शाक्य, एचओडी, नेत्र रोग विभाग, जीआरएमसी

लोगों का काम कंप्यूटर और टैबलेट पर बढ़ा है। खानपान में भी बदलाव आया है। ऐसे में लोगों को अपनी आंखों की देखभाल पर ध्यान देना चाहिए और नियमित काम के बीच सेहत के लिए भी समय निकालना जरूरी है।
डॉ. पुरेंद्र भसीन, डायरेक्टर, आरजेएन अपोलो

Updated on:
17 Nov 2026, 5:37 PM IST
Published on: