
ग्वालियर. ऑनलाइन लोन के झांसे में नहीं आने पर साइबर ठगों ने झांसी रोड निवासी 36 वर्षीय महिला को ब्लैकमेल कर 4 लाख रुपये ठग लिए। जालसाजों ने महिला का फोन हैक कर कॉल लिस्ट में दर्ज रिश्तेदारों और परिचितों के नंबर हासिल किए। इसके बाद सोशल मीडिया से उनके फोटो चुराकर अश्लील फोटो तैयार किए और उन्हें वायरल करने की धमकी दी। महिला ने पुलिस को बताया कि 30 जुलाई को उसके मोबाइल पर अनजान नंबरों से कई कॉल आए थे। फोन करने वाले आसानी से लोन दिलाने का लालच दे रहे थे। महिला ने जब लोन लेने से इनकार कर दिया तो ठगों ने उसे धमकाना शुरू कर दिया। जालसाजों ने दावा किया कि उन्होंने उसका फोन हैक कर लिया है और उसके निजी फोटो उनके पास हैं। इसके बाद फोटो को अश्लील बनाकर रिश्तेदारों और परिचितों को भेजने की धमकी दी।
कई किस्तों में ऐंठी रकम
पीड़िता के अनुसार, बदनामी के डर से उसने ठगों को कई किस्तों में करीब 4 लाख रुपये दे दिए। रकम लेने के बाद भी जालसाजों ने और पैसे की मांग जारी रखी। जमा पूंजी गंवाने के बावजूद जब ठगों ने दोबारा फोटो वायरल करने की धमकी दी, तब महिला ने झांसी रोड थाने में शिकायत दर्ज कराई। थाना प्रभारी शक्ति सिंह यादव ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। जिन बैंक खातों में रकम ट्रांसफर की गई है, उनकी जानकारी जुटाकर आरोपियों का पता लगाया जा रहा है।