
ग्वालियर। बिरला नगर लाइन नंबर 9 (हजीरा) में एक सूने घर का ताला तोड़कर चोर गहने,नकदी सहित करीब ढाई लाख का सामान चुराकर भाग गए। घर मालिक परिवार सहित 20 दिन पहले बिहार भतीजे की शादी में शरीक होने गए थे। लौटकर आए तब चोरी का पता चला। पुलिस के मुताबिक शंकर तिवारी के घर चोरी हुई है। शंकर स्कूल की वैन चलाते हैं। उन्होंने बताया बिहार में भतीजे की शादी थी। इसलिए परिवार सहित 28 मई को पत्नी और बच्चे के साथ बिहार निकल गए। घर में ताला लगा हुआ था।
शुक्रवार को घर लौटे। अंदर जाकर देखा तो अलमारी से सोने की 5 अंगूठी, चेन, मांग टीका, टॉप्स, झूमकी, मंगलसूत्र, बाली, पायल, बिछिया और 50 हजार रुपए गायब थे। शंकर ने बताया जेवर पत्नी के थे और रुपए बेटी की शादी तय करनी थी इसलिए रखे थे।
चोरी का पता चलते ही पुलिस को खबर दी। कुछ देर बाद पुलिस भी आ गई। जांच पड़ताल कर अज्ञात चोर पर मामला दर्ज किया।
यह भी पढ़ें : रात 12 बजे मोबाइल पर की बात,सुबह कमरे में मिली डेड बॉडी
नशेडि़यों पर पुलिस को शक
पुलिस को शक है, चोरी में नशेडि़यों का हाथ हो सकता है। इसलिए इलाके के नशेडि़यों के बारे में पुलिस पता लगा रही है। उनसे पूछताछ कर चोरी का सुराग लगाया जाएगा।
आए दिन होती है नई घटना
हजीरा में सूने घर का ताला तोड़कर चोर गहने,नकदी सहित करीब ढाई लाख का सामान चुराकर भाग गए है यह कोई नई बात नहीं है इससे पहले भी शहर में आए दिन कोई न कोई चोरी की नई घटना होती ही रहती है। इसको लेकर पुलिस भी सुस्त बनी हुई है। हालांकि नए एसपी ने पुलिस को सख्त से सख्त निर्देश भी दिए है।