ग्वालियर

सिपाही और हवलदार को सड़क पर पिटते रहे तीन युवक,लोग बनाते रहे वीडियो

ससुराल में जाकर पति ने दोस्त और भाई के साथ मिलकर पत्नी को पीटा, ससुर ने मदद के लिए डॉयल 100 को बुला लिया। एफआरवी
2 min read
• •
Updated: 11 Jul 2018, 11:31 AM IST
police
सिपाही और हवलदार को सड़क पर पिटते रहे तीन युवक,लोग बनाते रहे वीडियो

ग्वालियर। ससुराल में जाकर पति ने दोस्त और भाई के साथ मिलकर पत्नी को पीटा, ससुर ने मदद के लिए डॉयल 100 को बुला लिया। एफआरवी (डायल १०० वेन) में तैनात हवलदार और सिपाही ने तीनों को रोका तो काबू में नहीं बल्कि पुलिस पर हावी हो गए। तीनों ने मिलकर बीच सड़क पर पुलिसकर्मियों को पीटा,उनकी वर्दी फाड़ दी। इससे बाजार में सनसनी हो गई। कमजोर पड़ गए पुलिसकर्मियों ने मदद के लिए फोर्स को बुलाया तब तीनों को दबोचा। पुलिस ने बताया मंगलवार रात करीब १०:१५ बजे डॉयल 100 के भोपाल कंट्रोल रूम से हनुमान चौराहे पर खड़ी होने वाली एफआरवी 33 पर कॉल आया कि लक्ष्मीगंज में सुरेश बाथम के घर पर तीन युवक उनकी बेटी को पीट रहे हैं।

प्वॉइंट पर एफआरवी में तैनात हवलदार प्रताप सिंह भदौरिया और सिपाही श्रीकृष्ण लक्ष्मीगंज में धर्मकांटे के पास सुरेश के घर पहुंचे। वहां सुरेश का दामाद संजय बाथम निवासी लोहिया बाजार उसका भाई प्रियंक और दोस्त इमरान निवासी नई सड़क के साथ मौजूद था। संजय पत्नी संगीता को पीट रहा था,मायके वाले संगीता को नहीं बचाएं इसलिए प्रियंक और इमरान उन्हें चुप रहने के लिए धमका रहे थे। पुलिस को देखकर तीनों बाइक उठाकर भागे।

हनुमान चौराहे पर दबोचा
हवलदार प्रताप सिंह ने बताया उन्हें पकडऩे के लिए पीछा किया। हनुमान चौराहे के पास आकर तीनों घेरा तो वह हावी हो गए। उन्हें और सिपाही श्रीकृष्ण को पीटा। श्रीकृष्ण की वर्दी फाड़ दी। उसे सड़क पर पटक दिया जिससे उसके हाथ में चोट आई। तीनों को काबू करने के लिए फोर्स को कॉल किया। पुलिस पर हमला सुनकर थाने से फोर्स पहुंचा तब तीनों को पकड़ा।

तमाशबीन बनी रही भीड़
हवलदार और सिपाही को बीच सड़क पर पिटते देखकर तमाशबीनों की भीड़ लग गई, लेकिन लोग मूक दर्शक बने रहे। वहीं कुछ लोगों ने इनकी वीडियो भी बनाई। हालांकि किसी ने पुलिसकर्मियों की मदद करने की कोशिश नहीं की। दोनों पुलिसकर्मियों का कहना है कि अगर पब्लिक साथ देती तो रंगबाजों की हाथ उठाने की हिम्मत नहीं होती लेकिन लोग मदद करने की बजाय सरेआम गुंडई का तमाशा देखते रहे।

Published on: