
ग्वालियर/मुरैना। सबलगढ़ रेलवे स्टेशन से सुबह श्योपुर व ग्वालियर की ओर जाने वाली नैरोगेज ट्रेनों को चालक व गाार्ड ने नहीं चलाया। कारण था कि उन्हें रात में खाना नहीं मिल पाया, जिससे नाराज होकर उन्होंने सुबह ट्रेन चलाने से इंकार कर दिया, लेकिन स्टेशन मास्टर की समझाइश के बाद डेढ़ घंटे देरी से चालक व गार्ड दोनों ट्रेनों को गंतव्य की ओर ले जाने के लिए राजी हो गए। इस दौरान यात्री डेढ़ घंटे तक ट्रेन में ही बैठे रहे।
गौरतलब है कि शाम को ग्वालियर से चलकर सबलगढ़ पहुंचने वाली तथा श्योपुर से चलकर सबलगढ़ पहुंचने वाले नैरोगेज ट्रेनों का स्टाफ सबलगढ़ स्टेशन पर रनिंग रूम में ही रुकता है। जहां आराम करता है और खाना खाता है, लेकिन रविवार की रात यहां खाना बनाने के लिए मौजूद केयर टेकर ने स्टाफ के लिए खाना नहीं बनाया, जिससे रातभर स्टाफ परेशान रहा।
यहां बता दें कि चार माह पूर्व तक स्टाफ के लिए ठेकेदार द्वारा खाने की व्यवस्था की जाती थी, लेकिन ठेकेदार व्यवस्था खत्म करने के बाद रेलवे ने केयर टेयर नियुक्त कर दिए। जिन्हें स्टाफ अपने मनमाफिक खाने के लिए सामान उपलब्ध कराता है और केयर टेकर उनके लिए खाना बनाते हैं, लेकिन तनख्वाह न मिलने से नाराज होकर केयर टेकर ने रविवार की रात खाना नहीं बनाया।
रातभर बिना खाने के रहने से ट्रेन का स्टाफ भी नाराज हो गया। जिस पर उन्होंने सुबह ट्रेन ले जाने से मना कर दिया। सुबह 6.20 बजे श्योपुर की ओर ट्रेन चलती है वहीं सुबह 6.15 बजे ग्वालियर की ओर ट्रेन जाती है, लेकिन स्टाफ ने इन दोनों ही ट्रेनों को ले जाने से मना कर दिया। जिस पर स्टेशन मास्टर स्टाफ को लगातार समझाइश देते रहे। तब कहीं जाकर श्योपुर की ट्रेन सुबह 7.50 बजे तथा ग्वालियर की ओर ट्रेन7.45 बजे रवाना हुई। इस दौरान यात्री ट्रेन में ही बैठकर इसके चलने का इंतजार करते रहे।
दोपहर में पहुंचे रेलवे के एडीएम
स्टाफ द्वारा ट्रेने न चलाए जाने की घटना के बाद दोपहर के समय रेलवे के एडीएम संजय छावा सबलगढ़ स्टेशन पर पहुंचे। जिस पर स्टेशन मास्टर से चर्चा की। जब संजय छावा से बात करने की कोशिश की गई तो उन्होंने कहा कि यह हमारा आपसी मामला है इसे आपस में निपटा लेंगे।