
ग्वालियर. मध्य प्रदेश में प्रेम कहानी का एक अजीबो-गरीब मामला सामने आया है। सूबे के ग्वालियर की रहने वाली एक महिला के पास बीते दिनों उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में रहने वाले युवक का मिस कॉल आया। इसके बाद दोनों के बीच बातचीत होने लगी और ये बातचीत देखते ही देखते प्यार में बदल गई। कुछ दिनों की बातचीत में दोस्ती प्यार में बदल गई। उसके बाद महिला अपने पति और दो बच्चों को छोड़कर अपने प्रेमी के पास एक महीने पहले फिरोजाबाद चली गई।
बताया जा रहा है कि, यहां महिला ने अपने प्रेमी से शादी भी कर ली और दोनों एक साथ रहने लगे। कहानी में ट्विस्ट उस समय आया जब बीती रात महिला को ढूंढते हुए मध्य प्रदेश पुलिस महिला के घर पहुंच गई। मध्य प्रदेश पुलिस ने पिरोजाबाद के शांतिनगर इलाके में दबिश देकर महिला को पकड़ लिया है, जबकि उसका प्रेमी मौके से फरार है।
दोस्ती प्यार में बदली और छोड़ गई अपना परिवार
आपको बता दें कि, ग्वालियर के थाना माधोपाल इलाके में रहने वाली महिला पहले से शादीशुदा तो है ही, उसके दो बच्चे भी हैं। महिला ने बताया कि, पांच महीने पहले उसके फोन पर एक मिस कॉल आया कि, इसके बाद जब उसने संबंधित नंबर पर रिटर्न कॉल किया तो सामने से एक युवक की उससे बात हुई। इसके बाद दोनों में अकसर बात होने लगी। बातचीत के दौरान दोनों में दोस्ती हो गई, जो देखते ही देखते प्यार में बदल गई।
विधि विधान से रचा ली शादी
बीते 16 सिंतबर को महिला अपने दोनों बच्चों और पति को छोड़कर फिरोजाबाद आ गई। युवक महिला को अपने साथ रसूलपुर थाना क्षेत्र के मोहल्ला शांतिनगर ले गया। यहां दोनों ने ब्याह भी रचा लिया। तभी से महिला युवक के साथ उसकी पत्नी बनकर रहने लगी।
पुलिस पहुंची तो भाग गया नया पति
उधर, महिला के लापता होने के बाद उसके पति ने ग्वालियर पुलिस को मामले की जानकारी देते हुए रिपोर्ट दर्ज करा दी। इस बीच पुलिस को जानकारी मिली कि, महिला फिरोजाबाद में रह रही है। सोमवार रात को मध्य प्रदेश पुलिस महिला के पति को लेकर रसूलपुर थाने पर पहुंची। थाना रसूलपुर पुलिस के साथ मोहल्ला शांतिनगर में दबिश देकर महिला को पकड़ लिया। हालांकि, महिला का नया पति मौका देखकर फरार हो गया।