
ग्वालियर। प्रदेश सरकार युवाओं को बेरोजगारी भत्ता देने के वचन से मुकर गई है। जबकि, कांग्रेस के वचन पत्र में कहा गया है कि सरकार बेरोजगारों को रोजगार मिलने तक या पांच साल तक 4000 रुपए प्रतिमाह सहभागिता राशि देगी। कांग्रेस के मुन्नालाल गोयल ने पूछा था कि क्या सरकार बेरोजगारों को भत्ता देने की योजना बना रही है। मुख्यमंत्री कमलनाथ ने इस सवाल का लिखित जवाब देते हुए कहा कि ऐसी कोई योजना नहीं बनाई जा रही है।
सरकार उन योजनाओं पर काम कर रही है, जिससे ज्यादा से ज्यादा युवाओं को रोजगार मिल सके। युवा स्वाभिमान योजना, मुख्यमंत्री कौशल संवर्धन योजना, मुख्यमंत्री कौशल्या योजना एवं प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना तथा आइटीआइ एवं पॉलीटेक्निक के माध्यम से कौशल संवर्धन का कार्य किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त जॉब फेयर योजना के तहत रोजगार मेलों का आयोजना किया जाता है, जहां युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार दिया जाता है।
इसे भी पढ़ें : ट्रेन का टिकट लेना अब हुआ और आसान, ये है नया तरीका
अफसरों ने मंत्री को भ्रम में रखा
कांग्रेस विधायक मुन्नालाल गोयल ने गुरुवार को ‘पत्रिका’ से कहा कि रोजगार विभाग मुख्यमंत्री के पास हैं, लेकिन इसका काम-काज मंत्री बाला बच्चन देख रहे हैं। उन्होंने ही अतारांकित प्रश्न का जवाब दिया है। विधायक गोयल ने कहा कि मैं पहले मंत्री को पत्र लिखकर बताऊंगा कि अफसरों ने उनसे सदन में गलत जवाब दिलवा दिया।