
ग्वालियर। स्कूल बसों में बच्चों की सुरक्षा से खिलवाड़ बंद नहीं हो रहा है। शुक्रवार को परिवहन विभाग द्वारा 40 स्कूल बसों की चेकिंग की गई, जिनमें 7 बसें अनफिट मिलीं, जिन्हें जब्त कर थाने भेज दिया गया। इनमें किसी पर परमिट नहीं था, तो कोई बिना फिटनेस के दौड़ रही थी। एक बस ऐसी मिली जो सेल्फ स्टार्ट नहीं थी, जिसे धक्का देकर स्टार्ट किया गया।
आरटीओ डॉ.एमपी ङ्क्षसह, एआरटीओ रिंकू शर्मा और आरटीआइ अजीत सिंह दल बल के साथ सुबह 7 बजे चिरवाई नाका पहुंचे। यहां बसों के कागज चेक किए और फिटनेस का फिजिकल वेरीफिकेशन किया। दो बसें रामश्री, दो किडीज कॉर्नर, दो सेंट जॉसिफ एवं एक बस आकार पब्लिक स्कूल के लिए अनुबंधित थी, जो अनफिट पाई गईं, इन्हें जब्त कर लिया। इन बसों में रिमोल्ड टायर भी मिले, स्पीड गवर्नर लगे हुए थे, लेकिन वह इंजन से कनेक्ट नहीं थे। एक बस की वायरिंग जली थी, जिससे बस स्टार्ट करने में समस्या आ रही थी।
पहले भी दी जा चुकी हिदायत
परिवहन विभाग ने 4 स्कूलों के लिए अनुबंधित बसों को पकड़ा है। यह बसें पहले भी अनफिट पाई गई थीं। इनके संबंध में पिछले साल भी परिवहन विभाग हिदायत दे चुका है, इसके बाद भी बस ऑपरेटर द्वारा स्कूली छात्रों की सुरक्षा पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
नियम न तोडऩे की दिलाई शपथ
परिवहन विभाग की टीम फूलबाग चौराहे पर पहुंची। यहां वाहन चालकों के बीच जागरुकता अभियान चलाया गया। लोगों को केंद्र सरकार द्वारा जारी नए नियमों के बारे में जागरूक किया गया। विभाग ने नए नियमों के पर्चे भी लोगों को बांटे। 18 साल से कम उम्र के बच्चों द्वारा दो पहिया वाहन चलाने पर उन्हें समझाइश दी गई। इस दौरान नियम तोडऩे वालों को एकत्रित कर परिवहन नियमों का पालन करने एवं लोगों को जागरूक करने की शपथ दिलाई।