
Gwalior - ग्वालियर में एक युवक ने हंसी खुशी शादी की। पत्नी के साथ जीवन अच्छे से गुजरने लगा कि कुछ ही दिनों में भूचाल आ गया। पत्नी अचानक अपना बोरिया बिस्तर समेटकर मायके चली गई। इतना ही नहीं, जब पति ने उससे बात की तो पूरा मंजर ही बदल गया। पत्नी ने अपने इंस्टाग्राम एकाउंट से ऐसी पोस्ट की कि पति के होश ही उड़ गए। मायके पहुंचकर पत्नी के तेवर बदल गए। उसने फोन पर 5 लाख रुपए मांगे। पति से न केवल लाखों रुपए की डिमांड की बल्कि पैसे नहीं देने पर हत्या कराने तक की धमकी दे दी। इतना ही नहीं, पत्नी ने पति से साफ कह दिया कि तुम्हें नीले ड्रम में पैक कर दूंगी। पत्नी की धमकियों से घबराए पति ने तुरंत पुलिस की शरण ली। ग्वालियर पुलिस अब मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को ढूंढ लेंगे। उसके सोशल मीडिया एकाउंट खंगाले जा रहे हैं।
ग्वालियर में हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां के राहुल जाटव को उसकी ही नवविवाहिता पत्नी धमका रही है।बिजौली के मुगलपुरा में रहनेवाला पति अब मदद के लिए पुलिस के चक्कर काट रहा है।
पति ने पुलिस को की शिकायत में बताया कि शादी के 21 दिन बाद मायके गई पत्नी ससुराल वापस नहीं लौटी बल्कि उसने पति को जान से मारने और नीले ड्रम में पैक करने की धमकी देकर 5 लाख रुपए मांग रही है। सोशल मीडिया पर धमकी भरे वीडियो और मैसेज भेज रही है।
मुगलपुरा निवासी राहुल जाटव ने बताया कि इंस्टाग्राम पर उसकी दोस्ती शिवपुरी निवासी राखी से हुई थी। आपसी सहमति से 14 अप्रेल को राखी से शादी हुई। 23 मई को राखी पैसा और गहना समेट कर मायके चली गई। फिर वापस नहीं लौटी। मायके पहुंचकर राखी के तेवर बदल गए। उसने फोन पर 5 लाख रुपए की मांग की है।
शिकायतकर्ता राहुल के अनुसार पत्नी सोशल मीडिया पर खुला चैलेंज दे रही है कि तलाक और पैसा नहीं दिया तो उसकी हत्या कर नीले ड्रम में पैक कर देगी। मामले के संबंध में एसडीओपी मनीष यादव के मुताबिक आरोपी पत्नी इंस्टाग्राम पर एक्टिव है। पुलिस अब उसकी इंस्टा आइडी की लोकेशन ट्रेस कर रही है।