
ग्वालियर। शहर के सविता नगर (उपनगर ग्वालियर) में रहने वाली एक विवाहिता ने शादी की सालगिरह के दो दिन पहले फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। मृतका के पिता का आरोप है बेटी को ससुराल वाले दहेज के लिए प्रताडि़त करते थे। उन लोगों ने बेटी को पीट-पीटकर मार डाला। उसके शरीर पर पिटाई और जले के निशान भी हैं। ग्वालियर थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले को जांच में ले लिया है। पुलिस के मुताबिक रेनू सविता (24) पत्नी रॉकी ने रविवार सुबह फांसी लगाई है।
रॉकी प्राइवेट हॉस्पीटल में नौकरी करता है। उसने पुलिस को बताया मकान में निर्माण कार्य चल रहा है,इसलिए घर के पास किराए से कमरा ले रखा है। रविवार को रेनू सुबह किराए के मकान में चली गई। वहां कपड़े धोए फिर कमरे में जाकर फांसी पर झूल गई। लोग मौके पर पहुंचे तो रेनू की सांस चल रही थी। फांसी के फंदे से नीचे उतारकर अस्पताल ले गए,लेकिन इलाज शुरू होने से पहले दम तोड़ चुकी थी। अस्पताल में रेनू के पिता राकेश सविता निवासी बाह (आगरा) भी आ गए।
उन्होंने बताया एक हफ्ते पहले ससुराल वालों ने बेटी को पीटा था। उनके बेटे भोलू ने रेनू के ससुराल वालों से बात की तो उसे धमकी दी गई। इससे पहले २८ जून को घर में अखंड रामायण थी रेनू को भेजने को कहा पर ससुराल वालों ने नहीं भेजा। ससुरालवाले शादी के बाद से दहेज की मांग को लेकर रेनू को प्रताडि़त करते थे। दहेज न देने पर उसे पीट-पीटकर मार डाला।
दो दिन बाद थी शादी की सालगिरह
रेनू और रॉकी की शादी चार साल पहले हुई थी। दो दिन बाद ११ जुलाई को उनकी शादी की पांचवी सालगिरह थी। लेकिन सालगिरह से पहले ही वह दुनिया छोड़ गई। रेनू के एक ३ साल का बेटा युग है। घटना के वक्त वह पिता के पास सोया हुआ था।