
ग्वालियर। पत्नी के फांसी लगाने पर पति उसके शव को छोडकऱ मां-बाप के साथ भाग गया। जब मायके वाले आ गए तो उन्होंने पुलिस को बुलाया फिर शव पीएम भेजा। भाई का आरोप है दहेज के लिए जीजा और उसके घर वाले बहन को पीटते थे। उसे पीटकर मार डाला। पुलिस के मुताबिक श्रीराम बिहार पिन्टो पार्क निवासी दिव्या परिहार (26) पत्नी धीरज ने मंगलवार को फांसी लगाई है।
धीरज प्राइवेट फैक्ट्री में काम करता है। दिव्या के भाई शुभम ने बताया डेढ़ साल पहले दिव्या की धीरज से शादी हुई थी। शादी मे करीब 10 लाख रुपए खर्च हुए थे। शादी के कुछ दिन बाद दिव्या को ससुराल वाले परेशान करने लगे। धीरज कहता उसे बाइक खरीदनी है मायके से पैसे लेकर आए। कभी उसके घरवाले अन्य सामान की मांग करते। दिव्या ने परेशानी बताई तो उन्हें समझाया।
फिर भी वह दहेज के लिए अड़े रहे। सोचा समझ जाएंगे इसलिए थाने में शिकायत नहीं की। मंगलवार सुबह करीब 9 बजे पिता के पास फोन आया कि दिव्या ने फांसी लगा ली है। पति और उसके घरवाले भाग चुके थे। फिलहाल गोला का मंदिर थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
निगरानी में पीएम
नवविवाहिता का मामला था इसलिए डॉक्टर के पैनल और तहसीलदार की निगरानी में पीएम हुआ। पूरे मामले की वीडियो रिकॉर्डिंग हुई हालांकि मायका पक्ष चाहते थे पति और उसके घर वालों पर अभी एफआईआर की जाए लेकिन पुलिस ने समझाया तो मान गए।