Narottam mishra- डबरा में कलश वितरण कार्यक्रम में हादसा, बुजुर्ग महिला रति साहू की मौत
Narottam mishra- मध्यप्रदेश के पूर्व गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा के कार्यक्रम में भगदड़ मच गई। ग्वालियर के डबरा में कलश वितरण कार्यक्रम में यह भगदड़ मची जिससे एक महिला की मौत हो गई जबकि कई घायल हो गए। पूर्व गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने कलश वितरण कार्यक्रम आयोजित किया था। कलश लेने के लिए महिलाएं उमड़ पड़ीं और इसी दौरान भगदड़ मच गई। हादसे के बाद कलेक्टर रुचिका चौहान अस्पताल पहुंची और हालात का जायजा लिया। इधर महिला के परिजन शव लेकर थाने पहुंच गए। कार्यक्रम आयोजक पूर्व गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा भी थाने पहुंचे और पीड़ित परिवार को सांत्वना दी।
कलेक्टर रुचिका चौहान ने बताया कि कलश लेने के लिए बड़ी संख्या में महिलाएं आई थीं। कलश लेने की जल्दबाजी में भगदड़ मच गई। कलेक्टर ने एक महिला की मौत की तस्दीक की।
डबरा में नवग्रह पीठ का प्राण प्रतिष्ठा समारोह आयोजित किया गया है। इसके लिए दोपहर 1 बजे से कलश यात्रा निकाली जानी थी। स्टेडियम ग्राउंड में कलश वितरण शुरु होते ही अफरा-तफरी मच गई।
हादसे की सूचना पर डीआईजी अमित सांघी भी डबरा आ पहुंचे। उन्होंने बताया कि मामले में मर्ग कायम किया गया है। भगदड़ मचने को लेकर जांच शुरु कर दी गई है।
बताया जा रहा है कि कलश वितरण के समय कुछ महिलाएं व बच्चियां दब गईं। करीब 65 साल की रति साहू की डबरा अस्पताल में मौत हो गई। मृतका की बहू रीना साहू ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया। उन्होंने डबरा सिविल अस्पताल के डॉक्टर्स पर इलाज में लापरवाही करने का आरोप लगाया।
नवग्रह मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह में मंगलवार को कलश यात्रा निकाले जाने के दौरान कलश बांटे जाने के चलते भगदड़ मची। यह आयोजन पूर्व मंत्री नरोत्तम मिश्रा द्वारा कराया जा रहा है। हादसे में एक बुजुर्ग महिला की भीड़ मेें दबने से मौत हो गई जबकि एक बच्ची समेत 8 महिलाएं घायल हुई।
महिला की मौत के बाद परिजन आक्रोशित हो गए और एंबुलेंस से शव को लेकर सिंधिया चारौहा हाइवे मुख्य मार्ग पहुंचे। यहां जाम लगाने का प्रयास किया। पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों को जाम नहीं लगाने और हंगामा नहीं करने के लिए मृतका के परिजनों पर दबाव बनाता देखा गया। इसके बाद परिजन महिला का शव हाथों में लेकर थाने पहुंचे और प्रदर्शन किया।
स्टेडियम ग्राउंड से कलश यात्रा प्रारंभ किए जाने के लिए महिलाएं एकत्रित की गई थीं। ग्राउंड के अंदर कलश रखे हुए थे। कलश बांटने के लिए आयोजन समिति ने अचानक गेट खोल दिए। महिलाएं कलश लेने के लिए टूट पड़ीं जिससे भगदड़ मच गई। महिलाएं एक दूसरे के ऊपर गिरती चली गईं।
हादसे में हनुमान कॉलोनी निवासी 65 साल की रति पत्नी जगदीश साहू की मौत हो गई। सरोज पत्नी लालाराम साहू, सुमन पत्नी कमलकिशोर, विनिता कोरी पत्नी बाबूलाल कोरी निवासी महावीर कॉलोनी, कला पत्नी राधेलाल निवासी दीदार कॉलोनी, विमला पत्नी आशाराम वंशकार निवासी बुजुर्ग रोड, पुष्पा पत्नी अशोक करण, दुर्गेश गौतम पत्नी भुवनेश गौतम निवासी दर्शन कॉलोनी, उम्मेदसिंह रावत घायल हो गए हैं। घायल महिलाओं ने बताया कि आयोजकों ने फेंक कर भी कलश दिए।