ग्वालियर

वसूली नहीं देने पर पुलिस ने युवक से की मारपीट,हालत बिगडऩे पर छोड़ दिया इस हाल में

वसूली नहीं देने पर पुलिस ने युवक से की मारपीट,हालत बिगडऩे पर छोड़ दिया इस हाल में
2 min read
• •
Updated: 17 Jun 2018, 1:24 PM IST
youth
वसूली नहीं देने पर पुलिस ने युवक से की मारपीट,हालत बिगडऩे पर छोड़ दिया इस हाल में

ग्वालियर। एसपी भले ही पब्लिक से बेहतर तालमेल बनाने का प्रयास कर रहे हैं लेकिन उनके अधीनस्थ प्रयासों पर पानी फेर देते हैं। इसी के चलते एन्ट्री न देने पर पुलिसवालों ने ट्रक का पीछा कर रास्ते मे रोका फिर ड्राइविंग कर रहे ऑपरेटर को नीचे उतारकर पीटा। इससे भी मन नहीं भरा तो उसकी थाने लाकर धुनाई लगाई। पिटाई से जब बेहोश हो गया तो जेएएच में भर्ती करा दिया। रात को घरवालों को पता चला तो अस्पताल पहुंचे। उसे इलाज कराकर घर लेकर आए। पुलिस कर्मियों पर मारपीट का आरोप लगाते हुए ऑपरेटर के भाई ने बहोड़ापुर थाने में शिकायती आवेदन देकर पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग की है। मामला रात 12.30 बजे का है।

मारपीट गुरुनानक नगर निवासी परविन्दर सिंह के साथ हुई। परविन्दर के भाई रविन्दर सिंह ने बताया उनका भाई ट्रक को लेकर शिवपुरी से ग्वालियर आ रहा था। गोल पहाडि़या से निकलते हुए एफआरव्ही ट्रक के पीछे लग गई।

ट्रांसपोर्ट नगर मे ट्रक को रोककर परविंदर को ट्रक से नीचे उतार लिया। उससे इन्ट्री मांगने लगे। उसने विरोध किया तो पुलिसकर्मियों ने डंडों से पीटना शुरू कर दिया। फिर उसे जनकगंज थाने लेकर आए। थाने में भी उसकी पिटाई की गई। पिटाई के कारण परविंदर बेहोश हो गया। पुलिसवाले उसे जेएएच लेकर पहुंचे। डॉक्टर का फोन आया तो वह अस्पताल पहुंचे। भाई से बातचीत हुई तो घटना पता चली। रातभर भाई का इलाज कराने के बाद सुबह उसे घर लेकर आ गए। फिर बहोड़ापुर थाने में शिकायती आवेदन दिया।

डंपर और ट्रक वालों से रात में वसूली
रात्रि गश्त में तैनात पुलिस भले ही चोरों को नहीं पकड़ सके लेकिन डंपर और ट्रक वालों पर उनकी विशेष नजर रहती है। यह गाड़ी देखते ही पुलिसकर्मी उनके पीछे दौड़ लगा देते है। अंधेरे में जाकर ट्रक रोककर ड्राइवर से वसूली करते हैं। दाल बाजार हो या गुढ़ा माधोगंज की पुलिया या फिर गोला पहाडि़या या अन्य कई प्वॉइंट रोजाना यह नजारा देखने को मिल जाएगा।

जांच में मारपीट का खुलासा
थाने में शिकायत आने पर टीआई राघवेन्द्र सिंह तोमर ने मामले की जांच तो पुलिसकर्मी देवी सिंह जाट और एफआरव्ही चालक द्वारा परविदंर की मारपीट सच निकली। उन्होंने जांच की रिपोर्ट एएसपी को सौप दी है। बताया जाता है और भी पुलिसकर्मियों के नाम सामने आए है।

"मारपीट का मामला मेरे संज्ञान में आया है। जिन पुलिसकर्मियों ने मारपीट की है,उनको लाइन अटैच किया जाएगा।"
नवनीत भसीन, एसपी

Published on: