ग्वालियर

चार महीने बाद होनी थी सतनाम की शादी, उससे पहले उठी अर्थी

नहाते समय पानी के टैंक में डूब गया युवक,मृतक की हो चुकी थी सगाई
2 min read
• •
Updated: 23 Jul 2019, 6:58 PM IST
young man dead
चार महीने बाद होनी थी सतनाम की शादी, उससे पहले उठी अर्थी

ग्वालियर। कोटा-झांसी फोरलेन पर स्थित सुरवाया गांव में रहने वाले एक युवक की सोमवार की सुबह पानी के टैंक में डूबने से मौत हो गई। महत्वपूर्ण बात यह है कि जिस टैंक में युवक की मौत हुई, उसमें वो हर दिन नहाता था,लेकिन सोमवार को पानी अधिक होने से वो उसमें डूब गया। सुरवाया थाने के सामने परचूनी की दुकान संचालित करने वाले सतनाम उर्फ सत्ता (22) पुत्र मंजीत सिंह सिक्ख,सोमवार सुबह साढ़े 6 बजे पानी के बने टैंक में नहाने के लिए उतरा तो फिर बाहर नहीं निकल सका।

बताते हैं कि यहां सुखदेव सिंह सरदार का मकान बन रहा है और निर्माण कार्य के लिए बनाए गए टैंक में भरे पानी में सतनाम हर दिन नहाने जाता था, लेकिन सोमवार को उस टैंक में पानी अधिक भरा था, जिसका अंदाजा सतनाम को न होने की वजह से वो पानी में डूब गया।

सतनाम को डूबते हुए उसकी छोटी बहन ने देख लिया तो उसने अपने परिजनों को बताया। सूचना मिलते ही परिवारजनों ने टैंक में उतरकर जब सतनाम को निकाला तो संभवत: तभी उसकी मौत हो गई थी। परिवारजन सतनाम को लेकर शिवपुरी के एक निजी अस्पताल में लेकर आए, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। बताते हैं कि सतनाम की दो साल पूर्व सगाई हो गई थी और इस साल सर्दियों में(चार माह बाद) शादी होने वाली थी। सुरवाया पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

चचेरे भाई की बिगड़ी हालत
मृतक सतनाम के साथ परचूनी की दुकान पर उसके चाचा का लडक़ा हरपाल भी काम करता था। आज जब सतनाम की पानी के टैंक में डूबने से मौत हुई और उसकी लाश को हरपाल ने देखा तो उसका भी बीपी बढ़ गया और उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया।

Published on: