ग्वालियर

दुबई से इस युवक ने सीखा साइबर ठगी का ऐसा तरीका, हर कोई रह गया दंग

लिंक भेजकर खातों से चुराता था रकम, इडियन आर्मी के नाम से फोन नंबर था रजिस्टर्ड
2 min read
• •
Updated: 24 Jul 2019, 12:08 PM IST
Cyber swindl method from Dubai
दुबई से इस युवक ने सीखा साइबर ठगी का ऐसा तरीका, हर कोई रह गया दंग

ग्वालियर। पानी प्लांट के धंधे की आड में लोगों के खातों से पैसा चोरी करने वाला पकड़ा गया है। उसने ठगी का गुर दुबई में सीखा था। फर्जीवाडे में इतना कमा लिया कि न्यूजीलैंड जाने की तैयारी में था, लेकिन उसके रवाना होने से पहले पुलिस घर पर पहुंच गई। ठग लोगों को लकी ड्रॉ खुलने और गिफ्ट मिलने का लालच देकर फोन करता था, उन्हें बातों में उलझाकर लिंक भेजकर उनके खातों से पैसा चुराता था। उस रकम से गिफ्ट वाऊचर खरीदता था। स्टेट साइबर सेल ने उसका फर्जीवाड़ा पकड़ा। स्टेट साइबर सेल एसपी सुधीर अग्रवाल ने बताया शिवशंकर कुशवाह निवासी ग्वालियर ने शिकायत की थी, उसका फोटो स्टूडियो है।

ठग ने ग्राहक बनकर एलबम बनाने का झांसा देकर उससे बात की फिर ऑनलाइन पेमेंट भेजना लिंक भेजकर खाते से पैसा चोरी कर लिए। आरोपी के एकाउंट से पैसा कहां उसे ट्रेस किया तो हरदेव की टाल, मुरार निवासी मनोज राठौर फोकस में आ गया। मनोज पानी प्लांट का कारोबारी है। उसे पकड़ा तो कहानी खुल गई मनोज ने हामी भरी कि वह शिवशंकर की तरह लोगों को लिंक भेजकर फंसाता था। चोरी का तरीका उसने दुबई में सीखा था।

वहां नौकरी की तलाश में गया था, काम नहीं मिला ठगी का तरीका सीख कर लौट आया। ठग ने पुलिस को बताया कि वह ऐसे कारोबारियों पर नजर रखता है जो सामान बेचने के लिए विज्ञापन देते हैं तो उन्हें ग्राहक बनकर कॉल करता है। उनसे डील तय कर पैसा ऑनलाइन भेजने के लिए उनका पेटीएम, गूगल पे या फोन पे एकाउंट नंबर मांगता है और लिंक भेजकर खातों से रकम चोरी करता है। उस पैसे से ऑनलाइन गिफ्ट वाउचर खरीदता है क्योंकि उसे ट्रेस करना आसान नहीं होता।

सरहद पार जुड़े हो सकते तार
पुलिस को शक है कि ठगी के धंधे में मनोज का लिंक सरहद पार भी जुड़ा हो सकता है। लोगों को ठगने के लिए जस्ट डायल से नंबर तलाशता था। डार्क वेव के जरिए गिफ्ट कार्ड की ठगी करता था। गुमराह करने के लिए अलग राज्यों से कॉल और ट्रांजिक्शन करता था। लोगों को चकमा देने के लिए मनोज ने ट्रू कॉलर पर इंडियन आर्मी के नाम से फोन नंबर रजिस्टर्ड कर रखा था।

Published on: