
शहर के शासकीय पीजी कॉलेज में शुक्रवार को नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत अभियान के 100 सप्ताह पूर्ण होने के उपलक्ष्य में संडेज ऑन साइकिल के प्री.प्रोग्राम के तहत कार्यक्रम आयोजित हुआ। कार्यक्रम में वक्ताओं ने युवाओं को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया और नशामुक्त जीवन का संकल्प दिलाया।
कार्यक्रम में जिला अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ राम प्रताप सिंह चौहान ने कहा कि भारत समेत दुनिया भर में शराब के सेवन से होने वाली बीमारियों की वजह से हर साल 33 लाख लोगों की मौत हो जाती है। जबकि देश में सडक़ हादसों में हर साल करीब 1,38000 लोग मारे जाते हैं। इन दुर्घटनाओं के पीछे मुख्य कारण नशा होता है। मद्यपान हो या किसी भी तरह के मादक द्रव्यों का नशा, इनसे मुक्ति का सबसे कारगर उपाय संयम है। उन्होंने कहा कि एक पूर्ण नशामुक्त व्यक्ति ही अपने परिवार, समाज और राष्ट्र की सर्वाधिक सेवा कर सकता है।कार्यक्रम में नेशनल टोबेको कंट्रोल प्रोग्राम के जिला नोडल अधिकारी डॉ अंकित गोयल, उमंग हेल्थ काउंसलर उमा व्यास, वुमन हेल्थ काउंसलर मंजू शर्मा ने भी विशेषज्ञ वक्ता के रूप में विचार व्यक्त किए।लॉ छात्रा मंजरी शर्मा ने नशा मुक्त भारत विकसित भारत के सपने को साकार करती मार्मिक डॉक्यूमेंट्री प्रस्तुत की। महाविद्यालय प्राचार्य डॉ पवन कुमार श्रीवास्तव ने विद्यार्थियों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई। कार्यक्रम में डॉ पल्लवी शर्मा, डॉ शालिनी राय सहित एनएसएस वॉलंटियर्स उपस्थित रहे।
राष्ट्रीय सेवा योजना कार्यक्रम अधिकारी डॉ दिग्विजय सिंह सिकरवार ने कहा कि किसी भी राष्ट्र के विकास की गति उसके युवाओं की ऊर्जा, विचारों व संकल्प पर निर्भर करती है। भारत की 65 प्रतिशत से अधिक आबादी 35 वर्ष से कम आयु वर्ग की है और यह युवा वर्ग ही नशे की लत का सबसे अधिक शिकार हो रहा है। देश के डेमोग्राफिक डिविडेंड के डेमोग्राफिक डिजास्टर में बदल जाने का नशे से गंभीर खतरा है। यदि युवा आबादी का एक महत्वपूर्ण हिस्सा नशे के जाल में फंस जाता है, तो उनकी उत्पादकता, नवाचार और आर्थिक योगदान की क्षमता गंभीर रूप से कम हो जाती है। इसलिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान के तहत पिछले 100 सप्ताह से नशामुक्ति को लेकर विविध प्रयत्न किए जा रहे हैं।