Hamirpur News: उत्तर प्रदेश के हमिरपुर में एक जोड़े की चर्चा खूब हो रही है। यहां शादी के मंडप में बैठी दुल्हन अपने दूल्हे को छोड़कर अपने प्रेमी के साथ शादी करने की जिद पर अड़ गई। इसके बाद प्रेमी ने उसे ऐसा जवाब किया कि ख्वाब चकनाचूर हो गए।
उत्तर प्रदेश के हमिरपुर से एक मामला सामने आया है, जहां एक दुल्हन ने अपने पति के सामने बॉयफ्रेंड को कॉल किया और उसके सामने शादी करने का प्रस्ताव रख दिया। लेकिन जब उसने प्रेमी का जवाब सुना तो वह दंग रह गई। फिर दुल्हन को सामूहिक विवाह में दूल्हे से ही शादी करनी पड़ी। अब इस शादी की चर्चा पूरे इलाके में हो रही है।
सुरौली बुजुर्ग की एक युवती का विवाह कुरारा थानाक्षेत्र के खरौंज गांव के एक युवक के साथ तय हुआ था। दूल्हा बारात लेकर दुल्हन के घर पहुंचा। गाने पर डांस करने और द्वारपूजा के बाद वरमाला की तैयारी शुरू हुई। रात 10 बजे सामूहिक वरमाला कार्यक्रम में युवक-युवती को बुलाया गया। उसने दूल्हे को देखते ही शादी से मना कर दिया। लड़की ने अपने बॉयफ्रेंड को कॉल करके कहा- जल्दी आ जाओ, मैं तुमसे शादी करुंगी। बॉयफ्रेंड ने उससे शादी करने से साफ मना कर दिया।
ये पूरा मामला थाने में पहुंच गया। थाने में पुलिस के साथ युवती के परिवार वालों ने उसको समझाया फिर जाकर लड़की शादी करने को तैयार हुई। इसके बाद विवाह की सभी रस्में पूर्ण करके लड़की को विदा किया गया। पुलिस ने बताया कि- सामूहिक विवाह में एक जोड़ा आया था। दुल्हन ने दूल्हे से उस वक्त शादी करने से इनकार कर दिया, जब जयमाल की रस्म चल रही थी। वह अपने प्रेमी के साथ शादी करने की जिद पर अड़ गई। प्रेमी ने जब शादी से इनकार किया तो दुल्हन को समझाया गया। बाद में वो मान गई और दूल्हे संग उसने सात फेरे ले लिए।